![]()
हाथरस में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर के बाद एक युवक बाइक समेत सड़क किनारे बने गहरे बंबे में जा गिरा। करीब तीन घंटे की तलाश के बाद उसका शव मोटरसाइकिल सहित बाहर निकाला गया। मामला सिकंद्राराऊ कोतवाली क्षेत्र का है। बुधवार देर रात हुए सड़क हादसा कासगंज रोड पर मऊ गांव के पास हुआ, जहां दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर के बाद युवक गहरे बंबे में जा गिरा और पानी में डूब गया। मृतक की पहचान मऊ चिरायल निवासी टीटू पुत्र महेश कुमार के रूप में हुई है। वह पुताई का काम करता था और अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। परिवार में पत्नी और चार छोटे बच्चे हैं।
ग्रामीणों के साथ मिलकर टीटू की तलाश जानकारी के अनुसार, टीटू बुधवार को काम के सिलसिले में बमनोई गांव गया था। रात करीब आठ बजे वह मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान मऊ गांव के पास नहर के निकट सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से उसकी टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि दूसरी बाइक पर गन्ना लदा हुआ था। अंधेरा होने के कारण दोनों वाहन चालकों को एक-दूसरे का सही अंदाजा नहीं लग सका और हादसा हो गया। टक्कर के बाद टीटू की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गहरे बंबे में जा गिरी। वह पानी में डूब गया, जबकि दूसरी बाइक सवार सड़क पर गिर गया। उसे यह जानकारी नहीं हो सकी कि दूसरा युवक बंबे में गिर गया है। रात देर तक घर न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने ग्रामीणों के साथ मिलकर टीटू की तलाश शुरू की। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों और पुलिस ने संयुक्त रूप से बंबे में खोजबीन शुरू की। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद टीटू को उसकी मोटरसाइकिल सहित बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source link
हाथरस में सड़क हादसे में युवक की मौत:दो बाइकों की टक्कर के बाद गहरे बंबे में गिरा, 3 घंटे बाद मिला शव