Amethi Junior Football Trial Selection 2026

अखिलेश कुमार सोनी | अमेठी जिला11 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

अमेठी के युवा फुटबॉल खिलाड़ियों के लिए प्रदेश स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करने का सुनहरा अवसर आ गया है। वर्ष 2026-27 की प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालक फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए जिला एवं मंडल स्तरीय चयन प्रक्रिया का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। पहला पड़ाव 23 जुलाई को अमेठी में होगा, जहां से चयनित खिलाड़ी मंडल स्तर पर अपनी चुनौती पेश करेंगे। इसके बाद सफल खिलाड़ियों को मऊ में आयोजित होने वाली प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का मौका मिलेगा।

23 जुलाई को होगा जिला स्तरीय ट्रायल

जिला खेल कार्यालय, डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम, अमेठी के उपक्रीड़ाधिकारी अरविंद सिंह कुशवाहा ने बताया कि क्षेत्रीय खेल कार्यालय, अयोध्या के निर्देशानुसार वर्ष 2026-27 की प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालक फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए जिला स्तरीय चयन ट्रायल 23 जुलाई 2026 को अपराह्न 3 बजे से आयोजित किया जाएगा। ट्रायल डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में होगा, जहां जनपद के विभिन्न विद्यालयों और ग्रामीण क्षेत्रों से प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपनी फुटबॉल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। चयन प्रक्रिया के दौरान खिलाड़ियों के खेल कौशल, फिटनेस और प्रदर्शन के आधार पर जिला टीम का गठन किया जाएगा।

अयोध्या में होगा मंडल ट्रायल

जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ियों की अगली परीक्षा 25 जुलाई 2026 को अयोध्या में आयोजित मंडल स्तरीय ट्रायल में होगी। यहां बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रदेश स्तरीय टीम में जगह बनाने का अवसर मिलेगा। प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालक फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 1 अगस्त से 8 अगस्त 2026 तक मऊ जनपद में किया जाएगा। खेल विभाग का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और प्रदेश स्तर तक उनकी प्रतिभा को पहुंचाना है।

इन दस्तावेजों के बिना ट्रायल में नहीं मिलेगा प्रवेश

खेल विभाग ने ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। प्रतिभागियों को नगर निगम अथवा नगर पालिका द्वारा जारी जन्मतिथि प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। केवल वही खिलाड़ी पात्र होंगे जिनकी जन्मतिथि 1 जनवरी 2011 के बाद तथा 31 दिसंबर 2012 के बीच है। इसके अलावा प्रत्येक खिलाड़ी को अपना सीएसआर (CSR) नंबर और दो पासपोर्ट साइज फोटो भी साथ लाने होंगे। निर्धारित दस्तावेजों के अभाव में खिलाड़ियों को चयन प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा।

ज्यादा से ज्यादा खिलाड़ियों से भागीदारी की अपील

उपक्रीड़ाधिकारी अरविंद सिंह कुशवाहा ने जिले के सभी विद्यालयों, खेल प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक खिलाड़ियों को ट्रायल में भेजने की अपील की है। उनका कहना है कि जिले में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें सही मंच देने की है। खेल विभाग का प्रयास है कि अमेठी की सबसे मजबूत जूनियर फुटबॉल टीम तैयार की जाए, ताकि प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रदर्शन प्रभावशाली रहे और यहां के खिलाड़ी राज्य स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकें।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *