![]()
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा 8, 9 और 10 जून को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा जिले के 11 केंद्रों पर दो पालियों में होगी, जिसमें कुल 19,286 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। जिलाधिकारी ने बैठक में कहा कि इस परीक्षा से प्रदेश और जिले की प्रतिष्ठा जुड़ी हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को परीक्षा से संबंधित मानक प्रक्रियाओं का गंभीरता से अध्ययन करने और किसी भी शंका को पहले ही स्पष्ट करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने आगाह किया कि छोटी सी चूक भी गंभीर परिणाम दे सकती है। भीषण गर्मी के मद्देनजर जिलाधिकारी ने प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्साधिकारी को प्रत्येक केंद्र पर एंबुलेंस, चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ तैनात करने के साथ ओआरएस पैकेट उपलब्ध कराने को कहा गया। नगर पालिका को भी प्रत्येक केंद्र पर ठंडे पानी का टैंकर उपलब्ध कराने और प्रतिदिन पानी बदलने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, केंद्रों पर साफ-सफाई और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा ने बताया कि परीक्षा संचालन के लिए निर्धारित सुरक्षा योजना पूर्व की घटनाओं और अनुभवों के आधार पर तैयार की गई है। उन्होंने उल्लेख किया कि पूर्व में कुछ स्थानों पर बाथरूम जैसी प्रक्रियाओं का दुरुपयोग कर प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाएं सामने आई थीं। इसे देखते हुए इस बार हर प्रक्रिया की कड़ी निगरानी की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को परीक्षा शुरू होने से लेकर समाप्ति तक सभी नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी बताया कि बड़ी संख्या में महिला अभ्यर्थी भी परीक्षा में शामिल होंगी, इसलिए सुरक्षा और चेकिंग व्यवस्था पूरी सतर्कता के साथ संचालित की जाएगी। इसके अतिरिक्त, 6 जून से किसी भी परीक्षा केंद्र में अनाधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। सभी केंद्रों के सीसीटीवी कैमरे लगातार सक्रिय रखे जाएंगे ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा सके। अपर जिलाधिकारी श्याम लता आनंद ने बताया कि परीक्षा की पहली पाली सुबह 10 से 12 बजे तथा दूसरी पाली दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा केंद्रों पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है ताकि परीक्षा निष्पक्ष और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराई जा सके।
Source link
19 हजार अभ्यर्थी देंगे पुलिस भर्ती परीक्षा:11 केंद्रों पर तीन दिन चलेगी, नकल पर जीरो टॉलरेंस