रायबरेली में सड़क को लेकर कांग्रेस-भाजपा आमने-सामने:पहले विधायक अदिति ने नारियल फोड़ा, बाद में पालिका चेयरमैन ने की पूजा


रायबरेली में एक सड़क के निर्माण को लेकर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस पार्टी के नेता आमने-सामने आ गए हैं। 24 घंटे के भीतर एक ही सड़क के लिए दो बार पूजा-पाठ कराया गया, जिससे स्थानीय लोगों में निर्माण को लेकर भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई है। यह मामला थाना मिलएरिया कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत रायबरेली-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग से अभयदाता मंदिर को जोड़ने वाली लिंक रोड से संबंधित है। पहले भाजपा विधायक अदिति सिंह ने सड़क निर्माण के लिए पूजा कर नारियल तोड़ा था। इसके ठीक 24 घंटे के भीतर, कांग्रेस से नगर पालिका अध्यक्ष शत्रुघ्न सोनकर ने उसी सड़क पर दोबारा पूजा-पाठ करते हुए निर्माण कार्य शुरू करने की घोषणा की। दो बार हुए इस पूजा-पाठ से स्थानीय लोगों में सड़क निर्माण को लेकर संशय बढ़ गया है। उनका कहना है कि राजनीतिक खींचतान के कारण इस सड़क का निर्माण एक बार फिर बाधित होने की आशंका है। यह सड़क पिछले पांच वर्षों से नहीं बनी है, जिसके लिए स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री पोर्टल से लेकर जिला प्रशासन तक सैकड़ों प्रार्थना पत्र दिए थे। अब जब निर्माण की बात आई है, तो यह मामला राजनीतिक सरगर्मियों और आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में वोटों को आकर्षित करने का केंद्र बन गया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *