![]()
योगी सरकार के कैबिनेट विस्तार के बाद मंत्रियों के प्रभार वाले जिलों में बदलाव किया गया है। आज बुधवार को योगी सरकार द्वारा प्राविधिक शिक्षा, उपभोक्ता संरक्षण एवं बांट माप कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल को गोंडा जिले का नया प्रभारी मंत्री नियुक्त किया गया है। वह केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के पति हैं। इससे पहले, कारागार कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान गोंडा के प्रभारी मंत्री थे। उन्हें अब गोंडा से हटाकर कुशीनगर और श्रावस्ती जिलों का प्रभारी मंत्री बनाया गया है। आशीष पटेल को गोंडा का नया प्रभारी मंत्री बनाए जाने पर जिले के जनप्रतिनिधियों, भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और अपना दल (एस) के जिलाध्यक्ष व कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी है। प्रभारी मंत्री बनने से पहले भी आशीष पटेल कई बार गोंडा का दौरा कर चुके हैं। उन्होंने विभागीय समीक्षा बैठकें की हैं और प्राविधिक शिक्षा को लेकर राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज का निरीक्षण कर दिशा-निर्देश भी दिए हैं। उनके प्रभारी मंत्री बनने से अपना दल (एस) को जिले में और मजबूती मिलने की उम्मीद है, क्योंकि वह लगातार संगठन को मजबूत करने के लिए समीक्षा बैठकें और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे थे। दैनिक भास्कर संवाददाता से फोन पर बातचीत में मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि सरकार ने उन्हें जो भी जिम्मेदारी दी है, उसका पूर्ण रूप से पालन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार की सभी योजनाएं जनता तक पहुंचें, इस पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही, जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्य सुनिश्चित किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि जनता और कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने जल्द ही गोंडा आकर सभी जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक करने की बात कही है। भाजपा जिला अध्यक्ष अकबाल तिवारी ने कहा कि आशीष पटेल काफी तेज तर्रार और अनुभवी मंत्री हैं गोंडा के प्रभारी मंत्री बनाए गए हैं जरूर गोंडा में संगठन को मजबूती मिलेगी।
Source link
कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल बनाए गए गोंडा के प्रभारी मंत्री:दारा सिंह चौहान को गोंडा से हटाकर कुशीनगर और श्रावस्ती का प्रभारी मंत्री बनाया गया