कानपुर देहात में बढ़ी मौसमी बीमारियां:जिला अस्पताल में सैकड़ों मरीज, डॉक्टरों ने दी बचाव की सलाह


कानपुर देहात में लगातार बदलते मौसम के कारण लोगों की सेहत पर बुरा असर पड़ रहा है। कभी तेज धूप और भीषण गर्मी तो कभी ठंडी हवाएं और बादलों की आवाजाही लोगों को बीमार बना रही है। इसके चलते मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं।
सुबह होते ही जिला अस्पताल में मरीजों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो जाती हैं। अस्पताल परिसर में इतनी भीड़ उमड़ रही है कि कई बार लाइनें मुख्य गेट के बाहर तक पहुंच जाती हैं। ओपीडी में डॉक्टरों के सामने मरीजों की लंबी फेहरिस्त देखने को मिल रही है।
चिकित्साधिकारी डॉ. ए.पी. सिंह के अनुसार, मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण लोग विभिन्न बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। खासकर डायरिया, बुखार, उल्टी और पेट से जुड़ी समस्याओं के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। डॉ. सिंह ने बताया कि अत्यधिक गर्मी के कारण शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन की समस्या तेजी से बढ़ रही है।उन्होंने लोगों को सलाह दी है कि गर्मी के मौसम में खानपान का विशेष ध्यान रखें। पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए अधिक से अधिक तरल पदार्थों का सेवन करें। खीरा, तरबूज, पपीता और गन्ने के रस जैसे प्राकृतिक पेय पदार्थ स्वास्थ्य के लिए लाभकारी हैं। इसके साथ ही उन्होंने अत्यधिक मसालेदार और भारी भोजन से बचने की सलाह दी है। घर से बाहर निकलते समय छाता, गमछा या सिर को ढकने वाले किसी साधन का उपयोग करने की अपील भी की है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि थोड़ी सी सावधानी और संतुलित खानपान अपनाकर गर्मी और बदलते मौसम से होने वाली बीमारियों से बचा जा सकता है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *