हरदोई के गंगा में डूबने से दो छात्रों की मौत:भैंस चराने गए थे दोनों, चार घंटे बाद गोताखोरों ने शव बरामद किए


हरदोई के अरवल थाना क्षेत्र के निकामदपुर गांव में शनिवार शाम गंगा नदी में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। दोनों बच्चे भैंस चराने गए थे और नहाते समय गहरे पानी में चले गए। लगभग चार घंटे की तलाश के बाद गोताखोरों ने उनके शव बरामद किए। जानकारी के अनुसार, निकामदपुर निवासी रामशंकर के 9 वर्षीय पुत्र ध्रुव और बृजपाल के 10 वर्षीय पुत्र किशन शनिवार शाम गांव से करीब 500 मीटर दूर गंगा नदी किनारे भैंस चराने गए थे। गर्मी से राहत पाने के लिए दोनों नदी में नहाने उतरे थे। इसी दौरान ध्रुव गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में किशन भी नदी की तेज धार में बह गया। नदी किनारे मौजूद लोगों ने बच्चों को डूबते देख शोर मचाया। सूचना मिलने पर परिजन और थानाध्यक्ष अनिल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। गोताखोरों ने लगभग चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जाल डालकर दोनों बच्चों के शवों को नदी से बाहर निकाला।
मृतक किशन प्राथमिक विद्यालय जीवनपुरवा में कक्षा 5 का छात्र था। वह अपने दो भाइयों और चार बहनों में चौथे स्थान पर था। ध्रुव इसी स्कूल में कक्षा 4 का छात्र था और अपने पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर था। घटना की सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार राजेश कुमार पटेल ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने पीड़ित परिवारों को सांत्वना दी और सरकारी सहायता का आश्वासन भी दिया। थानाध्यक्ष अनिल सिंह ने बताया कि दोनों बच्चों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *