![]()
लखनऊ में देश की पहली नौसेना शौर्य वाटिका का उद्घाटन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया। इस शौर्य वाटिका का सबसे बड़ा आकर्षण भारतीय नौसेना का सेवानिवृत्त युद्धपोत INS गोमती है, जिसने करीब 34 सालों तक देश की समुद्री सीमाओं की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाई। अब यह युद्धपोत राजधानी लखनऊ में नई पीढ़ी को भारतीय नौसेना के शौर्य, पराक्रम और आधुनिक सैन्य तकनीक से रूबरू कराएगा। अपने लंबे सेवाकाल के दौरान INS गोमती ने हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री निगरानी, सुरक्षा गश्त, अंतरराष्ट्रीय नौसैनिक अभ्यासों और कई सामरिक अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अब इसे नौसेना शौर्य वाटिका में प्रदर्शित किया गया है, ताकि लोग भारतीय नौसेना के इतिहास और सैन्य क्षमताओं को करीब से जान सकें। 6 तस्वीरें देखिए-
गोमती नदी के नाम पर रखा गया था युद्धपोत INS गोमती को 16 अप्रैल 1988 को भारतीय नौसेना में शामिल किया गया था और 28 मई 2022 को सेवामुक्त किया गया। युद्धपोत का प्रतीक चिन्ह लखनऊ की ऐतिहासिक छतर मंजिल और गोमती नदी से प्रेरित है, जो शहर और नौसेना के बीच विशेष जुड़ाव को दर्शाता है। क्या थी INS गोमती की खासियत? INS गोमती भारतीय नौसेना के शुरुआती स्वदेशी गाइडेड मिसाइल फ्रिगेट्स में शामिल रही। यह अत्याधुनिक रडार, सेंसर, मिसाइल और तोप प्रणालियों से लैस थी। समुद्र में लंबी दूरी तक निगरानी, दुश्मन के जहाजों पर हमला और हवाई खतरों से रक्षा करने की क्षमता इसे विशेष बनाती थी। तीन दशकों से अधिक समय तक यह भारतीय नौसेना की पहली लाइन के युद्धपोतों में शामिल रही। युवाओं को मिलेगी सैन्य तकनीक की जानकारी वाटिका को केवल पर्यटन स्थल नहीं बल्कि सैन्य शिक्षा और प्रेरणा केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। यहां आने वाले छात्र और युवा भारतीय नौसेना के इतिहास, समुद्री सुरक्षा, आधुनिक हथियार प्रणालियों और सैनिकों के योगदान के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। साथ ही उत्तर प्रदेश डिफेंस कॉरिडोर, ब्रह्मोस मिसाइल परियोजना और आत्मनिर्भर भारत के रक्षा क्षेत्र में हो रहे कार्यों की जानकारी भी उपलब्ध होगी। कब से आम लोगों के लिए खुलेगी वाटिका? पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के अनुसार नौसेना शौर्य वाटिका को जल्द ही आम लोगों के लिए खोला जाएगा। प्रवेश शुल्क और विजिटिंग टाइमिंग को लेकर अंतिम निर्णय जल्द घोषित किया जाएगा। विभाग इसके संचालन की रूपरेखा तैयार कर रहा है। इसके बाद पर्यटक और छात्र यहां आकर भारतीय नौसेना के गौरवशाली इतिहास और तकनीकी सामर्थ्य को करीब से देख सकेंगे। ——————————– लोकार्पण की खबर पढ़िए- योगी, रक्षामंत्री के साथ युद्धपोत के अंदर गए : लखनऊ में राजनाथ सिंह ने CM की तारीफ की, कहा- जिस तरह यूपी को संभाला, वह मिसाल रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ में शनिवार को सीएम योगी की तारीफ की। उन्होंने कहा- यूपी कभी वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया के नाम से जाना जाता था। इन्वेस्टर्स यहां आने से डरते थे। लेकिन अब यूपी बदल चुका है। सीएम योगी ने यहां के बिगड़े हुए लॉ एंड ऑर्डर को जिस तरह संभाला, वह अपने आप में मिसाल है। सीएम ने यूपी की छवि वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट के रूप में पेश की। (पूरी खबर पढ़िए)
Source link
देश की पहली नौसेना शौर्य वाटिका का VIDEO:34 साल समुद्र में प्रहरी रहा युद्धपोत, अब लखनऊ में सुनाएगा शौर्य की कहानी