मेरठ हाईवे पर महिला की कार से कुचलकर मौत:टूरिस्ट बस से उतरकर सड़क पार करते समय हादसा, हरिद्वार जा रही थी


मेरठ के दिल्ली-देहरादून हाईवे पर रविवार सुबह एक सड़क हादसे में महाराष्ट्र निवासी एक महिला की मौत हो गई। दौराला थाना क्षेत्र में जितेंद्र ढाबे के सामने टूरिस्ट बस से उतरकर सड़क पार कर रही महिला को एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने टक्कर मार दी। महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतका की पहचान महाराष्ट्र निवासी केरूबाई पत्नी बालाजी के रूप में हुई है। वह अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ टूरिस्ट बस से हरिद्वार दर्शन के लिए जा रही थीं। रविवार सुबह यात्रा के दौरान बस दिल्ली-देहरादून हाईवे पर जितेंद्र ढाबे के पास रुकी थी, तभी केरूबाई बस से उतरकर सड़क पार करने लगीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला जैसे ही हाईवे पार कर रही थीं, दिल्ली की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला कई फीट दूर जा गिरीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही दौराला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर फरार वाहन और चालक की तलाश कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का प्रतीत हो रहा है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और उनकी तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *