खराब मौसम में फंसी अकासा एयर की फ्लाइट लखनऊ डायवर्ट:पायलट ने ATC में कहा- “फ्यूल बेहद कम, लैंडिंग करा पाना मुश्किल”;एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित


भुवनेश्वर में खराब मौसम के चलते बेंगलुरु से जा रही अकासा एयर की फ्लाइट बुधवार रात लखनऊ एयरपोर्ट डायवर्ट करनी पड़ी। फ्लाइट के पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को सूचना दी कि विमान लो फ्यूल स्थिति में है और इमरजेंसी लैंडिंग की नौबत आ सकती है। सूचना मिलते ही लखनऊ एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई। रनवे खाली कराया गया और फायर फाइटिंग समेत सभी इमरजेंसी टीमें अलर्ट मोड पर आ गईं। राहत की बात रही कि विमान सुरक्षित उतर गया और बड़ा हादसा टल गया।

भुवनेश्वर में खराब मौसम बना वजह जानकारी के मुताबिक अकासा एयर की फ्लाइट QP-1503 बेंगलुरु से भुवनेश्वर जा रही थी। भुवनेश्वर एयरपोर्ट पर खराब मौसम और लैंडिंग की प्रतिकूल परिस्थितियों के चलते विमान को लखनऊ डायवर्ट किया गया। विमान बोइंग 737 मैक्स (VT-YAJ) था।

पायलट ने ATC को बताया- फ्यूल बेहद कम सूत्रों के मुताबिक लखनऊ पहुंचने से पहले पायलट ने ATC से संपर्क कर बताया कि विमान में ईंधन बेहद कम बचा है और स्थिति गंभीर हो सकती है। इसके बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने तुरंत फुल इमरजेंसी लागू कर दी।

रनवे कराया गया खाली, अलर्ट मोड पर आई टीमें फुल इमरजेंसी घोषित होने के बाद रनवे पर मौजूद अन्य फ्लाइट मूवमेंट को रोका गया और पूरे रनवे को खाली कराया गया। एयरपोर्ट पर क्रैश फायर टेंडर्स (CFTs), मेडिकल यूनिट और इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमें तैनात कर दी गईं। कंट्रोल रूम से लगातार विमान की निगरानी की जा रही थी।

एक ही प्रयास में सुरक्षित हुई लैंडिंग रात 9:21 बजे फ्लाइट ने रनवे-09 पर सुरक्षित लैंडिंग की। लैंडिंग के तुरंत बाद पायलट इन कमांड ने ATC को बताया कि विमान की सभी प्रणालियां सामान्य हैं और किसी अतिरिक्त सहायता की जरूरत नहीं है
फ्लाइट में 194 लोग थे सवार फ्लाइट में कुल 194 यात्री और क्रू मेंबर सवार थे। विमान रात 9:29 बजे बे-10 पर पहुंचा, जिसके बाद 9:30 बजे ATC ने फुल इमरजेंसी वापस ले ली। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार पूरी प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन किया गया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *