मिर्जापुर में अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरफ्तार:8 चोरी की बाइक, तमंचा-कारतूस बरामद; बिहार-यूपी में दर्ज मामले


मिर्जापुर में जमालपुर थाना पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की आठ मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इसके साथ ही एक तमंचा और जिंदा कारतूस भी जब्त किया गया है। चुनार क्षेत्राधिकारी मंजरी राव के नेतृत्व में जमालपुर थाना पुलिस टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना मिली, जिसके आधार पर ग्राम शेरवा डोहरी बैंक तिराहे के पास से मोटरसाइकिल सवार आरोपी को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार के कैमूर जिले के भभुआ निवासी नितीश उर्फ राजा बिन्द पुत्र विमल बिन्द के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से चोरी की एक मोटरसाइकिल, एक अवैध 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर छिपाकर रखी गई सात अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं, जिससे कुल आठ बाइकें जब्त हुईं। पुलिस जांच में सामने आया है कि बरामद मोटरसाइकिलों में से कुछ की चोरी के मामले मिर्जापुर के जमालपुर थाने और बिहार के चांद थाने में पहले से दर्ज हैं। पुलिस अन्य बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उनका एक संगठित गिरोह है। यह गिरोह अलग-अलग स्थानों से मौका देखकर मोटरसाइकिलें चोरी करता था। चोरी के बाद वाहनों की नंबर प्लेट हटा दी जाती थी और उन्हें छिपा दिया जाता था, ताकि किसी को संदेह न हो। बाद में चोरी की मोटरसाइकिलों और उनके पुर्जों को बेचकर मिली रकम आपस में बांट ली जाती थी। इस मामले में जमालपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जमालपुर उपनिरीक्षक अमित कुमार, उपनिरीक्षक जय प्रकाश यादव और चौकी प्रभारी शेरवां उपनिरीक्षक ओम प्रकाश सिंह अपनी टीम के साथ शामिल थे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *