![]()
मुज़फ़्फ़रनगर की पंचशील कॉलोनी में हुए हाईप्रोफाइल शूटआउट का लाइव वीडियो अब सामने आया है। इस वीडियो में सिविल लाइन इंस्पेक्टर महावीर सिंह चौहान आरोपी अनंत मित्तल को लगातार समझाने और शांत करने का प्रयास करते दिख रहे हैं, लेकिन आरोपी किसी भी कीमत पर अपनी रिवॉल्वर छोड़ने को तैयार नहीं था। वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि इंस्पेक्टर महावीर चौहान आरोपी से हथियार नीचे रखने की अपील कर रहे हैं। इस दौरान दोनों के बीच तीखी बहस भी होती है। माहौल इतना तनावपूर्ण हो जाता है कि कुछ ही देर में बहस धक्का-मुक्की तक पहुंच जाती है। यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की पॉश पंचशील कॉलोनी में हुई थी। गोली चलने की सूचना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था और आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए थे। मौके पर पुलिस बल भी अलर्ट मोड में नजर आया। सामने आए वीडियो ने पूरे घटनाक्रम की तस्वीर काफी हद तक साफ कर दी है। वीडियो में इंस्पेक्टर महावीर सिंह चौहान लगातार संयम बरतते हुए आरोपी को समझाने का प्रयास करते दिख रहे हैं, जबकि आरोपी अनंत मित्तल बेहद आक्रामक रवैये में दिखाई दे रहा है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस काफी देर तक आरोपी को बिना बल प्रयोग के काबू करने की कोशिश करती रही, लेकिन स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई। यह वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। आपको बता दें कि सोमवार की देर शाम अनंत विजय मित्तल ने अपनी ससुराल पंचशील कॉलोनी में पहुंचकर अंधाधुंध फायरिंग की थी। इस फायरिंग में उसकी सास, चचिया सास और सरहज को गोली लगी थी, जो अभी भी मेरठ में उपचाराधीन हैं। पुलिस ने इस मामले में रिवॉल्वर जब्त कर आरोपी दामाद अनंत विजय मित्तल को मंगलवार को जेल भेज दिया है।
Source link
मुजफ्फरनगर में शूटआउट के बाद का VIDEO:दामाद ने सास-सरहज समेत तीन को गोली मारी, इंस्पेक्टर ने पकड़ा तो धमकाया, नहीं छोड़ी रिवॉल्वर