‘हर घर डाकघर’ अभियान के तहत निकली बाइक रैली:डाक चौपाल में ग्रामीणों को बचत, बीमा और डिजिटल बैंकिंग सेवाओं की जानकारी दी


बलिया में डाक विभाग ने रविवार को ‘हर घर डाकघर’ अभियान के तहत बाइक रैली और डाक चौपाल का आयोजन किया। बाइक रैली दोपहर 12 बजे शुरू हुई। इसके बाद डेढ़ बजे गंगापुर शाखा डाकघर में डाक चौपाल लगाई गई। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों तक डाक विभाग की बचत, बीमा और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना रहा। हल्दी से गंगापुर तक निकली बाइक रैली अधीक्षक डाकघर बलिया मंडल राजीव कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में बाइक रैली उपडाकघर हल्दी से शुरू हुई। यह बाबुबेल शाखा डाकघर और उपडाकघर मझौवा होते हुए गंगापुर शाखा डाकघर पहुंची। यहां डाक चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों को विभाग की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी गई। बचत और बीमा योजनाओं के बताए लाभ डाक चौपाल में ग्रामीणों को डाक जीवन बीमा (PLI), ग्रामीण डाक जीवन बीमा (RPLI), सुकन्या समृद्धि योजना, आवर्ती जमा (RD), सावधि जमा (TD), मासिक आय खाता (MIS), राष्ट्रीय बचत प्रमाणपत्र (NSC), किसान विकास पत्र (KVP) और पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF) की जानकारी दी गई। ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया के बारे में भी बताया गया। उन्हें अपने नजदीकी डाकघर से जुड़कर इन सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। डिजिटल बैंकिंग और डाक सेवाओं के प्रति किया जागरूक अभियान के दौरान इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB), आधार संबंधी सेवाओं, डिजिटल बैंकिंग, स्पीड पोस्ट, रजिस्टर्ड पोस्ट, पार्सल और अन्य डाक सेवाओं के बारे में भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों को डाक विभाग की सेवाओं का अधिक से अधिक उपयोग करने के लिए जागरूक किया। डाक विभाग के अधिकारी और ग्रामीण रहे मौजूद कार्यक्रम में निरीक्षक डाक पूर्वी उपमंडल राहुल सिंह, पूर्वी उपमंडल के उपडाकपाल, संबंधित शाखा डाकपाल, बिगही और कंचनपुर के डाककर्मी, सहायक शाखा डाकपाल बघोंच स्नेहा सिंह सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। गंगापुर के ग्राम प्रधान रमेश यादव, जनप्रतिनिधि रिंकू गुप्ता और स्थानीय ग्रामीणों ने भी सहभागिता की। डाक विभाग के अनुसार, ‘हर घर डाकघर’ अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक परिवार तक डाक सेवाओं की पहुंच बढ़ाना और बचत व बीमा के प्रति जागरूकता पैदा करना है। अधीक्षक डाकघर राजीव कुमार श्रीवास्तव ने अभियान के माध्यम से ग्रामीण नागरिकों को विभाग की योजनाओं से जोड़ने का संदेश दिया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *