पत्नी को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोपी पति गिरफ्तार:फोन पर लंबी बातचीत के बाद लगाई थी फांसी, कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस


गोंडा में मनकापुर कोतवाली क्षेत्र में पत्नी को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में पुलिस ने पति को गिरफ्तार किया है। 22 वर्षीय रिंकी देवी ने 8 अक्टूबर की रात फांसी लगाकर जान दे दी थी। परिजनों ने पति रिंकू कोरी पर मानसिक प्रताड़ना देने का आरोप लगाया था। पुलिस ने रविवार शाम करीब 4 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर मेडिकल कराया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। दो साल पहले हुई थी शादी पुलिस के मुताबिक, रिंकी देवी की शादी करीब दो साल पहले मनकापुर क्षेत्र के मदनापुर गांव निवासी रिंकू कोरी पुत्र रामकुमार कोरी से हुई थी। मृतका के पिता रामबली ने मनकापुर कोतवाली में शिकायत देकर दामाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि शादी के कुछ समय बाद ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था। करीब पांच महीने पहले ससुराल पक्ष ने रिंकी के साथ मारपीट की और उसे घर से निकाल दिया था। इसके बाद वह अपने मायके अंबरपुर गांव में रहने लगी थी। फोन पर बातचीत के बाद लगाई फांसी परिजनों के मुताबिक, मायके में रहने के दौरान भी रिंकी की अपने पति से फोन पर बातचीत होती थी। 8 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे दोनों के बीच लंबी बातचीत हुई थी। आरोप है कि इस दौरान पति ने उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। इसके बाद रिंकी ने घर के कमरे में पंखे से लटककर जान दे दी। तीसरे दिन गिरफ्तार हुआ आरोपी मनकापुर कोतवाल तेज प्रताप सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही आरोपी की तलाश की जा रही थी। रविवार शाम करीब 4 बजे रिंकू कोरी को झिलाही बाजार स्थित एलएंडटी प्लांट के पास से गिरफ्तार किया गया। मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है। पति-पत्नी के बीच पहले से विवाद होने की बात भी सामने आई है। घटना से पहले हुई बातचीत की जानकारी जुटाने के लिए दोनों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *