शाहजहांपुर में आंधी से बिजली लाइन पर पेड़ गिरा:दो पोल टूटे, कई इलाकों में बिजली सप्लाई बाधित


शाहजहांपुर में तेज आंधी और बारिश के कारण 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन पर एक विशाल नीम का पेड़ गिर गया। इस घटना में बिजली के दो खंभे टूट गए और लाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे शहर और कई कस्बों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। हालांकि, मौसम विभाग के पूर्व अलर्ट के कारण कोई जनहानि नहीं हुई। यह घटना शाहजहांपुर के कांट थाना क्षेत्र के निकरा गांव में देर शाम हुई। तेज आंधी की चपेट में आकर नीम का पेड़ जड़ से उखड़ गया और सीधे 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन पर जा गिरा। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि आंधी आने से पहले ही लोगों के मोबाइल पर मौसम विभाग का अलर्ट आ गया था। इस अलर्ट में तीन घंटे के भीतर 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे (जो 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है) की रफ्तार से हवाएं चलने और मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना जताई गई थी। ग्रामीणों ने सतर्कता बरतते हुए खुद को घरों के अंदर सुरक्षित कर लिया, जिससे कोई बड़ा हादसा टल गया। तूफान थमने के बाद लोग घरों से बाहर निकले और क्षतिग्रस्त तारों को देखकर अधिकारियों को सूचना देना शुरू किया। बिजली लाइन और खंभों को नुकसान पहुंचने से गांव में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षति की जानकारी लेने के लिए जब अधीक्षण अभियंता से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उनका फोन बंद मिला।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *