![]()
हापुड़ में पंजाब की पटियाला पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली दवाओं की बिक्री के एक मामले में बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव उपैड़ा और नूरपुर में छापा मारा। दो दिनों तक क्षेत्र में डेरा डालने के बाद पुलिस एक युवक को हिरासत में लेकर सोमवार की रात टीम वापिस पंजाब लौट गई। स्थानीय पुलिस के अनुसार, कुछ लोग प्रतिबंधित टर्माडोल की आपूर्ति पंजाब के पटियाला और आसपास के क्षेत्रों में कर रहे थे। पटियाला पुलिस ने पिछले साल एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था, जिसके कब्जे से नशे के लिए इस्तेमाल होने वाली लोमोटिल नामक दवा की 4050 गोलियां बरामद हुई थीं। इस मामले के तार बाबूगढ़ से जुड़े पाए गए थे। पंजाब के शंभू थाने में तैनात उपनिरीक्षक सुखवंत सिंह अपनी टीम के साथ बाबूगढ़ थाने पहुंचे थे। उन्होंने बाबूगढ़ पुलिस को नशीली दवाओं की तलाश में आने की जानकारी दी। पुलिस ने एक महिला से भी पूछताछ की, हालांकि उसे बाद में छोड़ दिया गया। पुलिस को मौके से दर्द निवारक दवा टर्माडोल के खाली रैपर बरामद होने की सूचना है। बताया जा रहा है कि इसी दवा की स्थानीय स्तर से पंजाब में आपूर्ति की जा रही थी, जिसके संबंध में पंजाब में एक मुकदमा दर्ज किया गया था। बाबूगढ़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि पुलिस एक आरोपी को हिरासत में लेकर गई है। आरोपी बुलंदशहर जनपद के गांव खालौर का रहने वाला है और हापुड़ के गांव उपैड़ा में अपने मामा के यहां रह रहा था। देर शाम पंजाब पुलिस की टीम आरोपी के साथ वापस लौट गई।
Source link
पंजाब पुलिस ने हापुड़ में मारा छापा:प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी में एक युवक हिरासत में, टीम पंजाब लौटी