![]()
जालौन स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज की ऑडिटोरियम में आयोजित राजनीतिक एकता विशाल महारैली में डॉ. संजय कुमार निषाद ने शिरकत करते हुए समाज को एकजुट रहने का संदेश दिया। महारैली में बड़ी संख्या में निषाद समाज के लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही। कार्यक्रम के दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित मत्स्य विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। झांसी और चित्रकूट मंडल के लगभग 180 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, जिनमें जालौन जनपद के करीब 40 लाभार्थी शामिल रहे। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने कहा कि सरकार निषाद समाज और मत्स्य पालन से जुड़े लोगों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि अब तक लगभग 15 हजार लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के तहत अनुदान दिया जा चुका है। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत करोड़ों रुपये की सब्सिडी उपलब्ध कराई गई है, जिससे मत्स्य पालकों को आधुनिक तकनीक अपनाने में मदद मिल रही है। उन्होंने कहा कि कम पानी में भी आधुनिक तकनीक के जरिए बेहतर मत्स्य पालन संभव बनाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जिन लोगों के पास अपनी जमीन नहीं है, लेकिन वे मछली पालन करना चाहते हैं, उन्हें मात्र 4 प्रतिशत ब्याज पर बिना गारंटी किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराया जा रहा है। केवल आधार कार्ड के माध्यम से केसीसी जारी किया जा रहा है। लाभार्थियों को पंजीकरण एवं सत्यापन के बाद अनुदान का लाभ मिलेगा। डॉ. निषाद ने कहा कि मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना एवं निषादराज बोट योजना के तहत बीपीएल, एपीएल और अंत्योदय कार्ड धारकों को नाव सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि ललितपुर सहित आठ जिलों में बड़े जलाशयों में मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए 3 लाख 20 हजार रुपये तक का अनुदान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार बच्चों की शिक्षा और बेटियों की शादी के लिए एक लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता तथा आयुष्मान योजना के तहत इलाज की सुविधा भी उपलब्ध करा रही है।
Source link
मंत्री संजय निषाद ने 180 लाभार्थियों को बांटे प्रमाण पत्र:सरकार मत्स्य पालन से जुड़े लोगों को आर्थिक रूप से मजबूत कर रही