![]()
लखनऊ के कैसरबाग इलाके में स्थित सआदत अली खां मकबरा परिसर से फसाड लाइटें चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई 10 फिलिप्स कंपनी की फसाड लाइटें और तीन स्टील की जालियां बरामद की हैं। इंस्पेक्टर कैसरबाग अंजनी कुमार मिश्रा ने बताया 16 मई को सआदतगंज निवासी रिजवान हुसैन ने मकबरा परिसर में लगी फसाड लाइटें चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिरों को सक्रिय किया। शनिवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि चोरी करने वाले युवक सआदत अली मकबरा पार्क के पास मौजूद हैं और कहीं भागने की फिराक में हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान अल्तमश खान निवासी कुतुबपुर चमन पार्क, थाना हसनगंज और सोहेल निवासी कुतुबपुर, थाना हसनगंज के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पार्कों और सार्वजनिक स्थानों से लाइटें चोरी कर राह चलते लोगों को बेच देते थे। चोरी के पैसों को नशे और शौक पूरे करने में खर्च करते थे। इसके बाद पुलिस दोनों आरोपियों को साथ लेकर राजाराम पाल पार्क पहुंची। जहां पत्तियों के ढेर में छिपाकर रखी गई 10 फसाड लाइटें और तीन स्टील की जालियां बरामद की गईं।
Source link
मकबरे से फसाड लाइटें चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार:मौज मस्ती में उड़ा देते रुपए, 10 लाइटें बरामद