प्रतापगढ़ में युवक को गोली मारी, हालत गंभीर:बाजार से लौट रहा था, बाइक सवार बदमाशों ने की फायरिंग


प्रतापगढ़ के रानीगंज थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात करीब 9 बजे एक युवक को गोली मार दी गई। बाइक सवार बदमाशों ने उसे उस समय निशाना बनाया जब वह बाजार से सामान लेकर घर लौट रहा था। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। रानीगंज थाना क्षेत्र के पूरे गोलिया गांव निवासी अजमत पुत्र साबिर शनिवार रात मोटरसाइकिल से गांव के चौराहे पर सामान लेने गए थे। देर रात जब वह सामान लेकर घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में तीन बाइक सवार बदमाशों ने पीछे से उन पर गोली चला दी। गोली लगने से अजमत गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। घायल अजमत को तुरंत उपचार के लिए ट्रामा सेंटर ले जाया गया। वहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, घायल की स्थिति नाजुक बनी हुई है। इस घटना के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पूर्व में की गई शिकायतों के बावजूद पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिससे आरोपियों के हौसले बढ़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस गोलीकांड से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *