फाटक के पास करंट लगने से बैल की मौत:खुदाई के दौरान लापरवाही पड़ी भारी पानी में करंट उतरने से हादसा


बागपत के कोतवाली क्षेत्र में रेलवे निर्माण कार्य के दौरान एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। कस्बा टटीरी फाटक के पास फ्लाईओवर निर्माण के लिए खोदी गई जगह पर भरे पानी में करंट उतरने से एक बैल की मौके पर ही मौत हो गई। बैलगाड़ी चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई। जानकारी के अनुसार, रेत से भरी बैलगाड़ी लेकर चालक अपने बैल को सड़क किनारे भरे पानी में उतार रहा था। इसी दौरान पानी में तेज करंट दौड़ गया, जिससे बैल वहीं गिर पड़ा और उसकी मृत्यु हो गई। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि रेलवे विभाग द्वारा फ्लाईओवर निर्माण कार्य मनमाने तरीके से किया जा रहा है। उनका कहना है कि जेसीबी से खुदाई करते समय बिजली या पानी की लाइनों की जांच नहीं की जाती। लोगों ने यह भी बताया कि लगभग दो हफ्ते पहले भी निर्माण कार्य के दौरान एक बिजली का खंभा क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसकी सूचना न तो नगर पंचायत और न ही बिजली विभाग को दी गई थी। घटना की सूचना मिलते ही सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। मीडिया और पीवीआर टीम को भी बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद मृत बैल का रेस्क्यू किया गया और हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार उसका अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। उन्होंने रेलवे विभाग और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, साथ ही निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की अपील भी की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *