![]()
गोंडा के नवाबगंज थाना क्षेत्र के जैतपुर माझा गांव में बुधवार देर शाम एक महिला अपने पति की बेवफाई से परेशान होकर हाईटेंशन पोल पर चढ़ गई और हंगामा करने लगी। स्थानीय लोगों ने तत्काल नवाबगंज पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने महिला पुलिसकर्मियों की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद महिला को समझा-बुझाकर नीचे उतारा है। महिला की पहचान जैतपुर माझा निवासी अंजलि के रूप में हुई है। अंजलि ने बताया कि उसका पति पूजन पिछले एक महीने से अपनी प्रेमिका के साथ दिल्ली में है। उसने कई बार फोन कर पति को वापस बुलाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं आया। अंजलि अपने दो बच्चों के साथ घर पर अकेली मेहनत-मजदूरी कर रही है। उसने बताया कि पति को वापस बुलाने के लिए 10 दिन पहले थाने में भी शिकायत की थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसी परेशानी के चलते उसने यह कदम उठाया। अंजलि का मायका बस्ती जनपद के अमोड़ा में है, जबकि उसके सास-ससुर बस्ती जनपद के सिकंदरपुर में रहते हैं।अंजलि के अनुसार, जब उसकी सास यहां आती हैं तो कहती हैं कि तुम यहां से चली जाओ। मेरे बेटे ने दूसरी शादी कर ली है, अब तुम्हारा कुछ नहीं रहा। अंजलि के दो बच्चे हैं, बेटा अंकुश (5) और बेटी गुल्लू (3) है। वहीं नवाबगंज थाना अध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि मौके पर पहुंचकर की किसी तरीके से महिला को कार्रवाई का आश्वासन देकर के नीचे उतारा गया है। महिला के पति ने दूसरी शादी कर ली है और वह दिल्ली में रह रहा है वह इसके बुलाने पर नहीं आ रहा इसी के चलते यह टावर पर चढ़ी थी। पूरे प्रकरण को लेकर के नवाबगंज थाने की पुलिस आगे जांच कर रही है।
Source link
पति की बेवफाई से नाराज पत्नी हाईटेंशन पोल पर चढ़ी:पुलिस के समझाने पर 1 घंटे बाद उतरी, बोली- प्रेमिका के साथ दिल्ली में रहता है पति