![]()
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) में 17 अक्टूबर को होने वाले सालाना आयोजन सर सैयद डे समारोह में सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश न्यायमूर्ति ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह मुख्य अतिथि होंगे। इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति सत्य वीर सिंह और भारतीय नौसेना अकादमी, एझिमाला के प्रिंसिपल रियर एडमिरल एसएम उरूज अथर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। गुजरात के केपी ग्रुप के संस्थापक अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. फारूक जी. पटेल विशेष अतिथि होंगे। छात्र संघ चुनाव की मांग को लेकर कैंपस में चल रहे धरना-प्रदर्शन के समाप्त होने के बाद इंतजामिया ने सर सैयद डे की तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार देर शाम विश्वविद्यालय प्रशासन ने मुख्य अतिथि समेत सभी प्रमुख मेहमानों के नामों की घोषणा की। अब 17 अक्टूबर को होने वाले सालाना समारोह को भव्यता के साथ आयोजित करने की तैयारियां अंतिम रूप ले रही हैं।
गुलिस्तां-ए-सैयद में होगी स्मारक सभा
पीआरओ कार्यालय से जारी सूचना के अनुसार सर सैयद डे पर मुख्य कार्यक्रम एएमयू के गुलिस्तां-ए-सैयद में होगा। सुबह 10:45 बजे स्मारक सभा की शुरुआत विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार प्रो. आसिम जफर के स्वागत भाषण से होगी। इसके बाद सर सैयद इंटरनेशनल और नेशनल अवार्ड प्रदान किए जाएंगे। समारोह में प्रतिष्ठित अतिथियों के साथ छात्र-छात्राएं और शिक्षक भी अपने विचार रखेंगे। अंत में कुलपति प्रो. नईमा खातून अध्यक्षीय भाषण देंगी, जबकि छात्र कल्याण संकाय के डीन प्रो. एम. अतहर अंसारी धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करेंगे।
इनको दिए जाएंगे सर सैयद अवार्ड
इंटरनेशनल अवार्ड: अमेरिका के वाशिंगटन डीसी स्थित जॉर्ज वाशिंगटन यूनिवर्सिटी के प्रो. हुसैन नसर को प्रदान किया जाएगा।
नेशनल अवार्ड: कर्नाटक के गुलबर्गा स्थित ख्वाजा एजुकेशन सोसाइटी को दिया जाएगा।
निबंध प्रतियोगिता पुरस्कार: एएमयू के जनसंपर्क कार्यालय की ओर से आयोजित अखिल भारतीय निबंध लेखन प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
अतिथियों के संबोधन भी होंगे
समारोह में विशेष अतिथि डॉ. फारूक जी. पटेल संबोधित करेंगे। इसके बाद विशिष्ट अतिथि रियर एडमिरल एसएम उरूज अथर और न्यायमूर्ति सत्य वीर सिंह अपने विचार रखेंगे। अंत में मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह का संबोधन होगा। छात्र प्रतिनिधियों के रूप में आयशा जमाल और अबू दाउद तथा शिक्षकों की ओर से प्रो. अजरा मुसावी और प्रो. मोहम्मद अली जौहर भी सभा को संबोधित करेंगे।
सुबह छह बजे से शुरू होंगे कार्यक्रम
सर सैयद डे के आयोजन की शुरुआत सुबह छह बजे विश्वविद्यालय की मस्जिद में कुरआन ख्वानी से होगी। सुबह सात बजे सर सैयद अहमद खान के मजार पर चादरपोशी की जाएगी। इसके बाद सुबह 9:30 बजे सर सैयद हाउस में उनकी लिखावट और पुस्तकों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसी दौरान पुस्तक विमोचन समारोह भी होगा। सुबह 10:45 बजे गुलिस्तां-ए-सैयद में मुख्य स्मारक सभा शुरू होगी।
कैंपस में रहेगा उत्सव का माहौल
एएमयू में सर सैयद डे हर साल बड़े पैमाने पर मनाया जाता है। यह आयोजन विश्वविद्यालय के संस्थापक सर सैयद अहमद खान की विरासत, आधुनिक शिक्षा के प्रसार, सामाजिक सुधार और बौद्धिक उन्नति के उनके विचारों को याद करने का अवसर है। इस दिन कैंपस में उत्सव जैसा माहौल रहता है और विश्वविद्यालय समुदाय के साथ देश-विदेश से जुड़े शिक्षाविद, पूर्व छात्र और प्रतिष्ठित मेहमान इसमें भाग लेते हैं। छात्र आंदोलन समाप्त होने के बाद अब इंतजामिया का पूरा जोर इस वार्षिक आयोजन की तैयारियों को समय से पूरा करने पर है।
Source link
AMU में सर सैयद डे 17 को, मुख्य अतिथि तय:सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह होंगे मुख्य अतिथि, हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति सत्यवीर सिंह भी होंगे शामिल