बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत:तीन घायल; गुस्साए ग्रामीणों ने बोलेरो में तोड़फोड़ कर सड़क जाम की


औरैया के दिबियापुर थाना क्षेत्र में कंचौसी मोड़ पर एक तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पीपरपुर गांव निवासी 50 वर्षीय माया देवी अपने बेटे अनिल, भतीजे सत्यम और पड़ोसी विकास के साथ बाइक से कंचौसी मोड़ स्थित एक डॉक्टर के पास चेकअप के लिए जा रही थीं। बाइक अनिल चला रहा था। एक बाइक पर महिला सहित कुल चार लोग सवार थे। कंचौसी मोड़ पर पहुंचते ही ‘उत्तर प्रदेश सरकार’ लिखी एक तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार चारों सड़क पर गिर गए। माया देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य तीनों को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने बोलेरो में तोड़फोड़ कर दी और औरैया-दिबियापुर मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी पंकज मिश्रा और एसडीएम सदर अजय आनंद मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों द्वारा मुआवजा और सख्त कार्रवाई के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और उन्होंने जाम खोल दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार बोलेरो चालक की तलाश में जुट गई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *