![]()
मिर्जापुर में पुलिस ने शुक्रवार तड़के एक मुठभेड़ के बाद 25 हजार रुपये के इनामी असलहा तस्कर सरगना को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान पड़री थाना क्षेत्र के जयवंत सिंह का पुरा गांव निवासी देवश्वर शुक्ला पुत्र कृपाशंकर के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक पिस्टल, दो कट्टे और कारतूस बरामद किए गए हैं, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। एसपी सिटी नितेश सिंह ने इस कार्रवाई की जानकारी दी। एसपी सिटी नितेश सिंह के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो बदमाश मोटरसाइकिल से भटौली के रास्ते भदोही की ओर जा रहे हैं और उनके पास अवैध असलहे हैं। इस सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह और क्षेत्राधिकारी सदर मुनेन्द्र पाल सिंह के निर्देशन में सहायक पुलिस अधीक्षक (प्रशिक्षणाधीन) कनिष्क आर. जामकर के नेतृत्व में थाना कछवां की पुलिस टीम ने केवटावीर के पास घेराबंदी कर वाहन चेकिंग शुरू की। चेकिंग के दौरान, बाइक पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाशों ने खुद को घिरा देखकर पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ सीमित फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और दूसरा मौके से फरार हो गया। घायल बदमाश की पहचान देवश्वर शुक्ला पुत्र कृपाशंकर, निवासी जयवंत सिंह का पुरा, थाना पड़री, जनपद मीरजापुर के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से एक .32 बोर की पिस्टल, .315 और .303 बोर के दो कट्टे, जिंदा व खोखा कारतूस और 460 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त देवश्वर शुक्ला पर प्रयागराज और मीरजापुर में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। थाना कछवां में उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। फरार हुए दूसरे अभियुक्त की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
Source link
मिर्जापुर में असलहा तस्कर पुलिस मुठभेड़ में घायल:25 हजार का इनाम था, अंधेरे में मौका पाकर साथी फरार