कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मारी,सड़क किनारे पलटा ऑटो:सीतापुर में हादसे में दो बच्चों समेत चार घायल,हादसे के बाद कार चालक फरार


सीतापुर के कोतवाली देहात क्षेत्र में बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे एक तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा सवार एक विवाहिता, उसके दो मासूम बच्चों समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि कार चालक वाहन समेत फरार हो गया। जानकारी के अनुसार हादसा आनंद नगर के समीप लखीमपुर मार्ग पर हुआ। बताया जा रहा है कि ई-रिक्शा हरगांव से सीतापुर की ओर आ रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा सड़क किनारे पलट गया और उसमें बैठे यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में बेनीपुर राजापुर निवासी 38 वर्षीय क्षमा, उनकी 7 वर्षीय बेटी प्रतिज्ञा और 5 वर्षीय बेटा राजा गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं चौथे घायल की पहचान मीराबेहड़ निवासी सोबरन के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन और चालक की तलाश में जुट गई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *