ट्रैक्टर ट्रॉली से गिरकर युवक की मौत:पत्नी को दवा दिलाने ससुराल आया था, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप


फर्रुखाबाद जनपद के नवाबगंज थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर ट्रॉली से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। युवक अपनी बुखार से पीड़ित पत्नी को दवा दिलाने ससुराल आया था। एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मंदिर से लौटते समय हादसा हो गया। गंभीर हालत में उसे लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, थाना मेरापुर के बिजौरी गांव निवासी 30 वर्षीय सिपाहीराम सोमवार को बाइक से अपनी पत्नी को दवा दिलाने के लिए नवाबगंज थाना क्षेत्र के मेई गांव स्थित ससुराल पहुंचे थे। ससुराल में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वह पड़ोस के गांव के एक मंदिर गए थे। मंदिर से ट्रैक्टर ट्रॉली में वापस लौटते समय मेई गांव के पास वह नीचे गिर गए।
हादसे में गंभीर रूप से घायल सिपाहीराम को परिजन तत्काल लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। मृतक की पत्नी राधा ने अपने पति की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जमीनी विवाद को लेकर 8 मई को सिपाहीराम के भाइयों ने उनके साथ मारपीट की थी, जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आई थीं। राधा ने आरोप लगाया कि उसी विवाद के चलते उनके पति की जान गई है। मृतक अपने पीछे 8 वर्षीय बेटा और 7 वर्षीय बेटी छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मामले में पंचनामा भरने पहुंचे दरोगा कमलेश ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ट्रैक्टर ट्रॉली से गिरकर मौत होने की बात सामने आई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *