![]()
सीतापुर में सार्वजनिक लालबाग के राजा गणेश पूजा पंडाल में इन दिनों धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। पूजा पंडाल में गुरुवार रात अंतिम दिन हल्द्वानी, उत्तराखंड से पहुंचे कपिल बावरा की टीम के कलाकारों द्वारा लगातार आकर्षक धार्मिक प्रस्तुतियां दी जा रही हैं। कार्यक्रम देखने के लिए शाम होते ही पंडाल में श्रद्धालुओं की भीड़ दिखने लगती है। कलाकारों की ओर से भक्ति और धार्मिक कथाओं पर आधारित विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए जा रहे हैं। इनमें भद्रकाली, उज्जैन के महाकाल बाबा, नरसिंह अवतार, महिषासुर मर्दिनी मां दुर्गा, विघ्नहर्ता श्री गणेश और भगवान विष्णु के सूकर अवतार की प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। कलाकारों द्वारा मंच पर धार्मिक पात्रों का जीवंत रूप प्रस्तुत किए जाने से श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आ रहे हैं। प्रस्तुतियों के दौरान पंडाल में जयकारे और भक्ति गीतों से माहौल भक्तिमय हो जाता है। बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग कार्यक्रम देखने पहुंच रहे हैं। कई श्रद्धालु प्रस्तुतियों के दौरान कलाकारों के साथ धार्मिक भावनाओं में डूबे नजर आए। टीम के प्रमुख कलाकार कपिल बावरा ने बताया कि उनकी टीम में हल्द्वानी के कलाकारों के साथ लुधियाना और दिल्ली के कलाकार भी शामिल हैं। सभी कलाकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रद्धालुओं का मनोरंजन करने के साथ उन्हें धार्मिक कथाओं और प्रसंगों से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। कपिल बावरा ने बताया कि नैमिष की पावन धरती पर उनका यह पहला आगमन है। यहां पहुंचकर उन्हें काफी अच्छा अनुभव हो रहा है। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं की ओर से कलाकारों को भरपूर सहयोग और उत्साह मिल रहा है। उन्होंने कहा कि दर्शकों का उत्साह कलाकारों का मनोबल बढ़ा रहा है।
Source link
लालबाग गणेश पंडाल में कलाकारों ने दीं धार्मिक प्रस्तुतियां:भद्रकाली, महाकाल और नरसिंह अवतार देख भक्ति में डूबे श्रद्धालु, आज होगा विसर्जन