![]()
वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती पर शुक्रवार को आगरा में जगह-जगह भव्य शोभायात्राएं निकाली गईं। अवधपुरी, राजपुर चुंगी, वाटर वर्क्स स्थित क्षत्रिय सेवा सदन समेत कई क्षेत्रों में समाज के लोगों ने हर्षोल्लास के साथ महाराणा प्रताप जयंती मनाई। इस दौरान यात्रा में तलवार लहराई गईं। शोभायात्राओं में बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं और समाज के लोगों ने भाग लिया। हाथों में भगवा ध्वज, बैंड-बाजे, झांकियां और जयकारों के बीच पूरे शहर में शौर्य, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक एकता का संदेश दिया गया।
शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निकली शोभायात्राओं में महाराणा प्रताप की वीरता और त्याग को याद किया गया। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्राओं का स्वागत किया गया। शोभायात्राओं में शामिल झांकियों ने देशभक्ति, सामाजिक सद्भाव और अखंडता का संदेश दिया।
अवधपुरी क्षेत्र में निकली शोभायात्रा
अवधपुरी तिराहे से क्षत्रिय समाज द्वारा विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जिसका शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने दीप प्रज्ज्वलित कर और हरी झंडी दिखाकर किया। शोभायात्रा में महाराणा प्रताप और भारत माता की आकर्षक झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। हाथों में तिरंगा और भगवा ध्वज लिए युवा देशभक्ति के नारों के साथ चलते नजर आए।
शोभायात्रा अवधपुरी तिराहे से शुरू होकर मारुति एस्टेट, बोदला चौराहा, सेक्टर-4 और सेंट्रल पार्क क्षेत्र से होती हुई वर्मा डेयरी तक पहुंची। मार्ग में कई स्थानों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। इस दौरान डॉ. अलौकिक उपाध्याय, ठाकुर शिवम चौहान, ठाकुर उज्जवल चौहान, ठाकुर प्रमोद चौहान, ठाकुर दीपक चौधरी और ठाकुर हैप्पी तोमर समेत कई लोग मौजूद रहे।
राजपुर चुंगी में दिखा शौर्य और स्वाभिमान
राजपुर चुंगी क्षेत्र में महाराणा प्रताप शोभायात्रा आयोजन समिति की ओर से विभव नगर स्थित चौधरी गार्डन से शमशाबाद रोड स्थित जीएल फार्म हाउस तक विशाल शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान तलवारें लहराई गईं। यात्रा में ऊंट-घोड़े, बैंड-बाजे, ध्वज पताकाएं और आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। ऑपरेशन सिंदूर, ऑपरेशन विजय और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसे विषयों पर आधारित झांकियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
यात्रा के दौरान “महाराणा प्रताप अमर रहें” और “भारत माता की जय” के जयकारों से माहौल गूंजता रहा। बड़ी संख्या में ग्रामीण क्षेत्रों से भी समाज के लोग शामिल हुए। शोभायात्रा का शुभारंभ पूर्व मंत्री राजा अरिदमन सिंह, पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार, डॉ. राजेंद्र सिंह, डॉ. मंजू भदौरिया, कुँवर युवराज सिंह परिहार और पप्पू राघव ने संयुक्त रूप से किया। वाटर वर्क्स स्थित क्षत्रिय सेवा सदन से भी निकली यात्रा
वाटर वर्क्स स्थित क्षत्रिय सेवा सदन से भी महाराणा प्रताप जयंती पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा में युवाओं और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। हाथों में भगवा ध्वज और महाराणा प्रताप के चित्र लेकर निकले लोगों ने सामाजिक एकता, भाईचारे और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।
ढोल-नगाड़ों और देशभक्ति गीतों के बीच निकली यात्रा में लोगों का उत्साह देखने लायक रहा। रास्ते में स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। आयोजन के दौरान समाज के लोगों ने महाराणा प्रताप के आदर्शों पर चलने और समाज में एकता बनाए रखने का संकल्प भी लिया।
Source link
महाराणा प्रताप की शोभायात्रा में लहराई गईं तलवारें:शौर्य यात्रा में भगवा ध्वज, झांकियों और जयकारों के बीच उमड़ा समाज, वाहन रैली भी निकाली गई