ओमपाल | रामपुर6 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

रामपुर में भारतीय जनता पार्टी के दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान का समापन संगठनात्मक उत्साह और ऊर्जा के साथ हुआ। समापन सत्र को संबोधित करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि देश में तुष्टिकरण की राजनीति का अंत हो रहा है और वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ दोबारा सरकार बनाएगी।
मुख्तार अब्बास नकवी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा ने सुशासन, समावेशी सशक्तिकरण और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को वैश्विक पहचान दिलाई है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता अब सांप्रदायिक ध्रुवीकरण और तुष्टिकरण की राजनीति को नकार रही है तथा विकास और सुशासन को प्राथमिकता दे रही है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, जो कार्यकर्ताओं की तपस्या और समर्पण से बनी है। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और मोदी-योगी सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण महाअभियान के दूसरे दिन आयोजित विभिन्न सत्रों में कई नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री बलदेव सिंह औलख ने सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। विधान परिषद सदस्य जयपाल सिंह व्यस्त ने “विचार परिवार” विषय पर संगठनात्मक विचारधारा प्रस्तुत की।

सोशल मीडिया एवं मीडिया विषय पर रविंद्र सिंह और सर्वेश सिंह ने डिजिटल माध्यमों की भूमिका पर चर्चा की। पश्चिम उत्तर प्रदेश की क्षेत्रीय मंत्री हरजिंदर कौर ने व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया, जबकि पूर्व जिला अध्यक्ष पवन शर्मा ने कार्यपद्धति और बूथ प्रबंधन पर कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन प्रदान किया।
समापन अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष हरीश गंगवार ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विधायक राजबाला, घनश्याम सिंह लोधी, सूर्य प्रकाश पाल, सुनीता सैनी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
