मुजफ्फरनगर में ससुराल के बाहर धरने पर बैठी विवाहिता:बोली- समझौते के बाद आई तो बिजली-पानी बंद कर दिया, बड़ा बेटा दो महीने से लापता


मुज़फ्फरनगर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र की मदीना कॉलोनी में शनिवार दोपहर करीब 3 बजे एक विवाहिता ने अपने दो बच्चों के साथ पति के घर के बाहर हंगामा किया। महिला घर के बाहर धरने पर बैठ गई, जिससे मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर डायल 112 और सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुरकाजी निवासी रेशमा पुत्री नूर हसन की शादी लगभग 13 साल पहले अफसान से हुई थी। उनके तीन बच्चे हैं। रेशमा ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनका बड़ा बेटा अरशद पिछले करीब दो महीने से लापता है। उन्होंने बेटे के गायब होने को लेकर भी सवाल उठाए। रेशमा के अनुसार, नवंबर 2025 में एक समझौते के बाद वह दोबारा ससुराल लौटी थीं। हालांकि, उनका आरोप है कि तभी से उनके साथ उत्पीड़न शुरू हो गया। उन्होंने बताया कि उनका खाना-पीना, पानी और बिजली तक बंद कर दी गई, और अब उनके मायके वाले ही उनका पूरा खर्च उठा रहे हैं। शनिवार को पति-पत्नी के बीच समझौते के लिए महिला थाने में बातचीत हुई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। रेशमा का आरोप है कि उनके पति वहां से अचानक चले गए। जब रेशमा वापस ससुराल पहुंचीं, तो उन्हें घर के बाहर ताला लगा मिला। इसके बाद रेशमा ने घर के बाहर बैठकर हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि वह यहीं रहेंगी और अपना हक लेकर ही जाएंगी, भले ही उन्हें ताला तोड़कर अंदर जाना पड़े। दूसरी ओर, घर के अंदर मौजूद उनकी ननद और देवर खिड़की से जवाब देते रहे। दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और नोंकझोंक हुई। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। लगभग 2 घंटे तक चले इस घटनाक्रम का अंत तब हुआ, जब पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए घर का दरवाजा खुलवाया। पुलिस फिलहाल दोनों पक्षों को लेकर थाने गई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *