![]()
रामपुर जिला अस्पताल के मेडिकल वार्ड से एक बुजुर्ग महिला का पर्स गायब हो गया है। इस घटना से अस्पताल में मरीजों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पर्स में ढाई हजार रुपये रखे थे, जिसे लेकर महिला परेशान है। मेडिकल वार्ड के बेड संख्या दो पर भर्ती हसीन जहां अपना इलाज करा रही थीं। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी ने उन्हें ढाई हजार रुपये दिए थे, जो उन्होंने पर्स में रखे थे। कुछ देर के लिए वह टॉयलेट गई थीं और वापस लौटने पर पर्स गायब मिला। हसीन जहां अपनी बीमारी से ज्यादा पैसों के खोने से चिंतित हैं। वह लगातार अपनी परेशानी व्यक्त कर रही हैं। वार्ड में मौजूद एक अन्य महिला तस्लीम ने बताया कि एक अज्ञात महिला को पर्स मिला था। उसने आसपास के लोगों से कई बार पूछा भी, लेकिन किसी ने जवाब नहीं दिया। इसके बाद वह महिला पर्स लेकर वहां से चली गई। अस्पताल प्रशासन ने सीसीटीवी की जांच की, लेकिन जिस स्थान से पर्स गायब हुआ, वह कैमरे की पहुंच से बाहर था। इससे घटना की पुष्टि नहीं हो सकी। अस्पताल पुलिस चौकी प्रभारी ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। शिकायत मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पीड़ित बुजुर्ग महिला अब भी अपने पैसों की तलाश में हैं।
Source link
रामपुर में बुजुर्ग महिला का अस्पताल से पर्स गायब:नकदी लेकर चोर फरार, प्रशासन ने सीसीटीवी की जांच की