![]()
लखनऊ के गोमतीनगर स्थित डॉ. भीमराव अम्बेडकर सामाजिक परिवर्तन स्थल में अब लोग बाबा साहब के जीवन और संघर्ष को नए अंदाज में देख सकेंगे। मंगलवार से यहां लाइट एंड साउंड शो शुरू हो गया है। शो के जरिए संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर के बचपन, संघर्ष, शिक्षा और संविधान निर्माण तक के सफर को प्रकाश, ध्वनि और विजुअल इफेक्ट्स के माध्यम से दिखाया जाएगा। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि स्मारक समिति की ओर से करीब 18.40 करोड़ रुपए की लागत से यह प्रोजेक्ट तैयार कराया गया है। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को बाबा साहब के विचारों, सामाजिक न्याय, समानता और शिक्षा के संदेश से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि शो का ट्रायल 25 अप्रैल से चल रहा था। अब इसे प्रतिदिन शाम 7:30 बजे नियमित रूप से दर्शकों के लिए संचालित किया जाएगा। स्मारक आने वाले पर्यटक अब इसकी भव्यता के साथ इतिहास और प्रेरणा का भी अनुभव कर सकेंगे। 6 हाईटेक प्रोजेक्टर लगाए गए लाइट एंड साउंड शो के लिए 30-30 हजार ल्यूमेन्स क्षमता वाले 6 हाईटेक प्रोजेक्टर लगाए गए हैं। इनके जरिए 30 मिनट की फिल्म और देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए जाएंगे। इससे दर्शकों को हाई क्वालिटी विजुअल अनुभव मिलेगा। महाभारत फेम हरीश भिमानी की आवाज बाबा साहब के जीवन संघर्ष पर तैयार लघु फिल्म में मशहूर वॉइस ओवर आर्टिस्ट हरीश भिमानी ने आवाज दी है। हरीश भिमानी टीवी सीरियल ‘महाभारत’ में ‘समय’ की आवाज के लिए देशभर में प्रसिद्ध हैं। शो में दर्शकों को उनकी दमदार आवाज सुनाई देगी।
Source link
लखनऊ में अम्बेडकर स्मारक में शुरू हुआ लाइट-एंड-साउंड शो:18.40 करोड़ की लागत, 30 मिनट में दिखेगा बाबा साहब का संघर्ष