![]()
केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोकदल अध्यक्ष जयंत चौधरी ने बागपत के बालेनी गांव में जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने एथेनॉल नीति के समर्थन में किसानों के हित की बात कही और कांग्रेस नेता प्रियांक खड़गे पर निशाना साधा। बालेनी गांव में आयोजित ‘संकल्प सिद्धि आभार सभा’ में केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोकदल अध्यक्ष जयंत चौधरी ने जनसभा को संबोधित किया। कार्यक्रम से पहले उन्होंने सिंथेटिक रनिंग ट्रैक और शहीद स्मारक द्वार का भूमि पूजन किया। इस दौरान उनके साथ वरिष्ठ नेता केसी त्यागी भी मौजूद रहे। जनसभा में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी। जयंत चौधरी ने इसके लिए जनता का आभार जताया, हालांकि कार्यक्रम में पहुंचे लोगों और युवा खिलाड़ियों को कुछ असुविधाओं का भी सामना करना पड़ा।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती सभा के दौरान जयंत चौधरी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे प्रियांक खड़गे के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि खड़गे वरिष्ठ और अनुभवी नेता हैं, लेकिन उनके बेटे ने भारत सरकार की एथेनॉल नीति का विरोध कर गलत संदेश दिया है। जयंत चौधरी ने कहा कि एथेनॉल नीति से किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य मिलेगा और इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने प्रियांक खड़गे को सलाह देते हुए कहा कि उन्हें गांवों में जाकर वास्तविक स्थिति को समझना चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर प्रियांक खड़गे के बयान को देखें और उन्हें मर्यादित भाषा में जवाब दें। जयंत चौधरी ने कहा कि देश के किसान इस नीति से लाभान्वित होंगे, खासकर गन्ना उत्पादक क्षेत्रों में इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। सभा के दौरान एक और मुद्दा चर्चा में रहा- मंच पर लगे होर्डिंग में नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ की तस्वीरें नहीं थीं। इसको लेकर राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
Source link
बागपत में जयंत चौधरी ने एथेनॉल नीति का किया समर्थन:बोले- किसानों को उनकी फसलों का मिलेगा उचित मूल्य