हमीरपुर में कार सवार परिवार से लूटपाट, मारपीट:महिला का मंगलसूत्र, लॉकेट और युवक से 30 हजार लूटे


हमीरपुर जिले के सुमेरपुर थाना क्षेत्र में देर रात एक कार सवार परिवार के साथ मारपीट और लूटपाट की घटना हुई। बदमाश एक महिला का मंगलसूत्र, लॉकेट और नकदी छीन ले गए, जबकि एक युवक से 30 हजार रुपये लूटे जाने का आरोप है। पीड़ित परिवार ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। यह घटना मुंडेरा गांव के पास हुई। किसवाही गांव निवासी एक परिवार बच्चे के मुंडन कार्यक्रम के लिए चित्रकूट जा रहा था। रास्ते में मुंडेरा गांव के पास करीब आधा दर्जन बदमाशों ने उनकी कार रोक ली और हमला कर दिया। मारपीट में परिवार के कई सदस्यों को चोटें आईं। राजेश्वरी ने बताया कि उनके हाथ की उंगली टूट गई है। पीड़िता राजेश्वरी के अनुसार, जब बदमाश बच्चों के साथ मारपीट कर रहे थे, तो उन्होंने बीच-बचाव करने की कोशिश की। इस पर बदमाशों ने उन्हें भी पीटा, जिससे उनके एक हाथ की उंगली टूट गई। एक अन्य पीड़िता सोमवती ने बताया कि बदमाश उनका मंगलसूत्र, लॉकेट और पर्स में रखे दो हजार रुपये छीनकर ले गए। कार सवार रोहित के साथ भी मारपीट की गई और उसकी जेब से 30 हजार रुपये निकाल लिए गए। रोहित को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद पीड़ितों ने यूपी-112 पुलिस को सूचना दी और सुमेरपुर थाने पहुंचे। परिवार ने आरोप लगाया कि पुलिस ने तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की। हालांकि, पुलिस की सोशल मीडिया सेल ने जानकारी दी कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के लिए सुमेरपुर थाना पुलिस को निर्देशित किया गया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *