![]()
रायबरेली में रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हुए एक युवक की जिला अस्पताल में मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि अस्पताल में समय पर स्ट्रेचर और इलाज न मिलने के कारण युवक की जान गई। यह घटना शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के सोनिया नगर इलाके में शनिवार रात हुई। सोनिया नगर निवासी तिलक कुमार (पुत्र महेश महतो) रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन से टकरा गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों और परिजनों ने तिलक कुमार को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। परिजनों का आरोप है कि इमरजेंसी में पहुंचने के बावजूद करीब एक घंटे तक घायल को स्ट्रेचर नहीं मिला। इस दौरान समय पर इलाज न मिलने से उनकी हालत बिगड़ती गई और अंततः उनकी मौत हो गई। परिजनों ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि उचित सुविधा और इलाज मिलता तो तिलक कुमार की जान बच सकती थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अस्पताल प्रशासन की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर सरकारी अस्पतालों की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Source link
रेलवे ट्रैक पर युवक घायल, अस्पताल में मौत:स्ट्रेचर न मिलने पर परिजनों ने किया हंगामा, पुलिस ने समझाकर शांत कराया