![]()
मेरठ के लोहियानगर थाना क्षेत्र स्थित हापुड़ रोड पर एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया। स्थिति बिगड़ते देख अस्पताल का स्टाफ मौके से चला गया, जिसके बाद पुलिस ने पहुंचकर हालात संभाले। कोतवाली थाना क्षेत्र के बनी सराय निवासी फराज पुत्र शाहिद को पेट में पस (संक्रमण) की शिकायत के चलते रविवार को ए-स्टार हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिजनों के अनुसार, शनिवार को डॉक्टर अमजद ने फराज का ऑपरेशन किया था। ऑपरेशन के कुछ ही देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टरों पर गलत ऑपरेशन और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। मृतक के परिजनों का कहना है कि डॉक्टरों ने बिना उचित जांच किए ऑपरेशन कर दिया, जिससे फराज की जान चली गई। इस घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में विरोध प्रदर्शन किया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। आरोप है कि हंगामे के दौरान अस्पताल का स्टाफ मौके से फरार हो गया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, परिजनों ने डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने तथा न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखने की बात कही है।
Source link
मेरठ में ऑपरेशन के बाद युवक की मौत:परिजनों ने अस्पताल में हंगामा कर डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया