प्रयागराज में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक:जिलाधिकारी ने दिया आदेश, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर होगा मुकदमा


प्रयागराज में मंगलवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में संगम सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था, जाम की समस्या और सड़क सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सड़क किनारे लगी रेलिंग, डिवाइडर और अन्य सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी मैरेज हॉल, पेट्रोल पंप या होटल संचालक की इसमें संलिप्तता पाई जाती है, तो उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। बैठक में निर्देश दिया गया कि जिले में संचालित सभी स्कूल, मैरेज हॉल और अस्पतालों को जारी किए गए नोटिस का पूरा विवरण संबंधित विभाग उपलब्ध कराएं। साथ ही शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों जैसे चौक, घंटाघर, सिविल लाइंस और लल्ला चुंगी में जाम की समस्या को दूर करने के लिए 30 अप्रैल को विशेष बैठक आयोजित की जाएगी। जिलाधिकारी ने अलोपीबाग फ्लाईओवर के पास बंद किए गए कट को तीन दिन के अंदर खोलने के निर्देश दिए। साथ ही बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के भी आदेश दिए गए। शहर में जाम की समस्या को कम करने के लिए नो-व्हीकल जोन, नो-ई-रिक्शा जोन और पैदल क्षेत्रों को चिन्हित करने का प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि मुख्य चौराहों के पास किसी तरह की अवैध पार्किंग, ठेले या वेंडर्स न लगें। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी कार्यों की रिपोर्ट समय पर और पूरी जांच के बाद ही प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी और टैम्पो-टैक्सी यूनियन के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *