7 करोड़ के शिक्षा घोटाले में लखनऊ पहुंची सीबीआई:यूपी के कई ठिकानों पर की छापेमारी; हाईकोर्ट के आदेश के बाद जांच तेज


अमेठी के बेसिक शिक्षा विभाग के वित्त एवं लेखा अनुभाग में हुए सात करोड़ रुपये से अधिक के घोटाले की जांच के सिलसिले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में छापेमारी की। हाईकोर्ट के निर्देश के बाद मामले की जांच अपने हाथ में लेने वाली सीबीआई ने बुधवार को एक साथ कई स्थानों पर कार्रवाई की।
डीआईजी के नेतृत्व में चल रही जांच, आठ टीमों को लगाया गया सूत्रों के मुताबिक सीबीआई की डीआईजी शिवानी तिवारी के नेतृत्व में जांच की जा रही है। इसके लिए आठ टीमों का गठन किया गया है। एक टीम अमेठी में डेरा डाले हुए है, जबकि अन्य टीमें लखनऊ, प्रतापगढ़, अयोध्या और कुशीनगर में संदिग्धों और मामले से जुड़े लोगों के ठिकानों पर पहुंचकर दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल कर रही हैं।
लखनऊ में भी खंगाले जा रहे वित्तीय लेन-देन और दस्तावेज जांच एजेंसी राजधानी लखनऊ में उन व्यक्तियों और संभावित कड़ियों की पड़ताल कर रही है, जिनका संबंध कथित वित्तीय अनियमितताओं से रहा है। सीबीआई की टीम बैंक खातों, दस्तावेजों और धन के प्रवाह से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। हालांकि एजेंसी की ओर से आधिकारिक रूप से किसी स्थान या व्यक्ति का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है।
शिक्षकों के खातों में भेजी गई थी रकम, गौरीगंज कोतवाली में दर्ज हुआ था मुकदमा मामले की शुरुआती जांच में सामने आया था कि बेसिक शिक्षा विभाग में तैनात कुछ कर्मचारियों ने बड़े पैमाने पर वित्तीय गड़बड़ी करते हुए कई शिक्षकों के खातों में धनराशि स्थानांतरित की थी। मामले के उजागर होने के बाद लेखाधिकारी की तहरीर पर गौरीगंज कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *