6 साल के बच्चे की गड्ढे में डूबने से मौत:प्राधिकरण ने खोदा था 15 फीट गहरा गड्ढा, सुरक्षा नहीं


ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क क्षेत्र में शनिवार शाम को एक छह वर्षीय बच्चे की 15 फीट गहरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। यह गड्ढा प्राधिकरण द्वारा बोरिंग के लिए खोदा गया था और बारिश के पानी से भरा हुआ था। मृतक बच्चे की पहचान केंद्रीय विद्यालय के उप प्रधानाचार्य सीवान यादव के बेटे अव्यान के रूप में हुई है। घटना शनिवार शाम की है। जानकारी के अनुसार, शनिवार को अव्यान अन्य बच्चों के साथ कलाधाम सोसायटी के पास खेल रहा था। खेलते-खेलते वह बारिश के पानी से भरे गहरे गड्ढे के पास पहुंच गया और अचानक उसमें गिर गया। साथ खेल रहे बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सोसायटी निवासी प्रांजल ने बताया कि शाम करीब 6:30 बजे एक बच्चे ने उन्हें अव्यान के डूबने की सूचना दी। उन्होंने अन्य लोगों को बुलाया, जिसके बाद तीन लोग गड्ढे में उतरे और बच्चे को बाहर निकाला। बच्चे को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह गड्ढा कई दिन पहले प्राधिकरण द्वारा बोरिंग कार्य के लिए खोदा गया था। बारिश के बाद इसमें पानी भर गया था, लेकिन सुरक्षा के लिए न तो कोई बैरिकेडिंग की गई थी और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था। लोगों का कहना है कि यदि समय पर सुरक्षा उपाय किए जाते तो इस हादसे को टाला जा सकता था। घटना की सूचना मिलने पर एसडीएम आशुतोष मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें सूचना मिली थी और मौके पर जांच पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया। उन्होंने सभी खुले गड्ढों की तत्काल बैरिकेडिंग करने, चेतावनी बोर्ड लगाने और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों व संबंधित एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *