57 पुलिसकर्मी 'कॉप आफ द मंथ' चुने गए:संतकबीरनगर में सैनिक सम्मेलन, उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित


संतकबीरनगर में पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में रिजर्व पुलिस लाइन सभागार कक्ष में सैनिक सम्मेलन और मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह भी उपस्थित रहे। सम्मेलन के दौरान जिले के विभिन्न थानों और शाखाओं से आए पुलिसकर्मियों की समस्याओं को सुना गया। उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। मासिक अपराध गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक ने यातायात, साइबर अपराध और महिला अपराध सहित विभिन्न अभियानों की समीक्षा की। उन्होंने जिले में हुई आपराधिक घटनाओं, दर्ज मुकदमों और लंबित विवेचनाओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, वांछित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी, महिला संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, अपहृत व्यक्तियों की सकुशल बरामदगी और पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। शातिर अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोलने और गुंडा एक्ट के तहत जिलाबदर की कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया। गोष्ठी में ‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ के तहत दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और लूट जैसे गंभीर मामलों में प्रभावी पैरवी कर आरोपियों को अधिकतम सजा दिलाने पर विशेष बल दिया गया। चोरी, नकबजनी और वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए कार्ययोजना बनाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जनशिकायतों की त्वरित व निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने तथा अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ अभियान के तहत थाना क्षेत्रों के महत्वपूर्ण स्थानों, प्रतिष्ठानों और गांवों में अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिए लोगों से समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया। कार्यक्रम के दौरान, जिले के विभिन्न थानों, कार्यालयों और इकाइयों में तैनात 57 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए ‘कॉम्प ऑफ द मंथ’ चुना गया। उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने सभी सम्मानित कर्मियों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की। इस गोष्ठी में जिले के समस्त क्षेत्राधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, सभी प्रभारी निरीक्षक और थानाध्यक्ष सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *