![]()
इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए चुनाव की तारीखों का ऐलान होते ही प्रयागराज में सियासी हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) की स्थानीय इकाई ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी आलाकमान ने करीब एक साल पहले ही वर्तमान एमएलसी डॉ. मानसिंह यादव को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया था। अब संगठन ने जमीनी स्तर पर काम शुरू कर दिया है। मंगलवार को सपा के कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और प्रमुख पदाधिकारियों की एक अहम बैठक हुई। इसमें सपा नेताओं ने दावा किया कि पार्टी का कैडर चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। बूथ स्तर तक की सभी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई हैं। बैठक में सबसे ज्यादा ध्यान मतदाता सूची को अपडेट करने और छूटे हुए स्नातक मतदाताओं के नाम जोड़ने पर रहा। पार्टी पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे घर-घर जाकर योग्य स्नातकों से संपर्क करें। इसका मकसद यह है कि कोई भी पात्र मतदाता अपने वोट देने के अधिकार से वंचित न रहे। चुनावी कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 29 सितंबर से शुरू होगी और 6 अक्टूबर तक चलेगी। मतदान 23 अक्टूबर को होगा, जिसके बाद 27 अक्टूबर को मतगणना कराई जाएगी। पार्टी ने जनता और युवा स्नातकों के बीच जाने के लिए अपने मुख्य राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों की रूपरेखा तैयार की है। वे इस बार बेरोजगारी, युवाओं के भविष्य से जुड़े पेपर लीक के मामले, सरकारी तंत्र में भ्रष्टाचार, आरक्षण के सही क्रियान्वयन और सामाजिक न्याय जैसे गंभीर विषयों को प्रमुखता से उठाएंगे। इसके साथ ही प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा, किसानों की आय और क्षेत्र के समग्र विकास के मुद्दों को लेकर पार्टी कार्यकर्ता सीधे मतदाताओं से बात करेंगे। वे सरकार की नीतियों के खिलाफ जनसमर्थन जुटाएंगे। बैठक में एमएलसी और सपा प्रत्याशी डॉ. मानसिंह यादव, जिलाध्यक्ष अनिल यादव, महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तेखार हुसैन, शिक्षक सभा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. एस.पी. सिंह पटेल, पंधारी यादव, प्रवक्ता दान बहादुर मधुर, महानगर महासचिव रविंद्र यादव एडवोकेट, यमुनापार महासचिव इंजी. जगदीश यादव और वकार अहमद मौजूद थे।
Source link
इलाहाबाद-झांसी स्नातक चुनाव: सपा का जमीनी स्तर पर अभियान शुरू:प्रत्याशी डॉ. मानसिंह यादव की अगुवाई में रणनीति बनी