![]()
उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में गौरा-सुवंसा-बादशाहपुर-निभापुर-जंघई रेलखंड पर दोहरीकरण कार्य के लिए लिए गए नॉन-इंटरलॉकिंग ब्लॉक के कारण 23 से 30 जून तक कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। करीब 27 किलोमीटर लंबे रेलखंड पर चल रहे कार्य की वजह से चार ट्रेनों को निरस्त किया गया है, जबकि कई लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनों को बदले रूट से चलाया जाएगा। कुछ ट्रेनों के संचालन समय और ठहराव में भी बदलाव किया गया है। चार ट्रेनें रहेंगी निरस्त वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता के अनुसार 55141 बनारस-मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ जंक्शन स्पेशल और 55142 मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ जंक्शन-बनारस स्पेशल 23 से 30 जून तक निरस्त रहेंगी। इसके अलावा 65117 गाजीपुर सिटी-प्रयागराज संगम और 65118 प्रयागराज संगम-गाजीपुर सिटी स्पेशल 28 से 30 जून तक नहीं चलेगी। प्रतापगढ़ तक सीमित रहेगी जौनपुर-रायबरेली एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 14201 जौनपुर-रायबरेली एक्सप्रेस और 14202 रायबरेली-जौनपुर एक्सप्रेस का संचालन 23 से 30 जून तक मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ जंक्शन तक ही किया जाएगा। ये ट्रेनें प्रतापगढ़ से ही रवाना होंगी और वहीं समाप्त होंगी। कई एक्सप्रेस ट्रेनों का रूट बदला रेलवे प्रशासन ने पंजाब मेल, अर्चना एक्सप्रेस और नीलांचल एक्सप्रेस समेत कई लंबी दूरी की ट्रेनों के रूट में बदलाव किया है। ये ट्रेनें लखनऊ-सुल्तानपुर-जफराबाद-वाराणसी तथा वाराणसी-जफराबाद-सुल्तानपुर-लखनऊ रूट से चलाई जाएंगी। कुछ ट्रेनों को प्रयागराज-फाफामऊ-प्रतापगढ़-सुल्तानपुर-अयोध्या कैंट-शाहगंज मार्ग से भी चलाया जाएगा। बदले रूट के कारण कई स्टेशनों पर ठहराव समाप्त रहेगा और कुछ ट्रेनें 30 मिनट से लेकर ढाई घंटे तक की देरी से चल सकती हैं। बादशाहपुर की जगह सुवंसा में मिलेगा ठहराव बादशाहपुर स्टेशन पर प्लेटफॉर्म उपलब्ध नहीं होने के कारण 26 से 30 जून तक विशेष व्यवस्था लागू की गई है। इस दौरान कुछ ट्रेनों का निर्धारित ठहराव अस्थायी रूप से सुवंसा स्टेशन पर दिया जाएगा। जंघई स्टेशन पर जिन ट्रेनों का पहले से ठहराव है, उन्हें सुवंसा स्टेशन पर भी दो मिनट का अतिरिक्त ठहराव मिलेगा। इनमें 15128 वाराणसी सिटी-नई दिल्ली एक्सप्रेस और 15107 बनारस-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस शामिल हैं।
Source link
23 जून से आठ दिन कई ट्रेनों का रूट बदलेगा:रेल यात्रियों को झेलनी होगी परेशानी, चार ट्रेनें निरस्त, कई एक्सप्रेस बदले रूट से चलेंगी