![]()
प्रयागराज के फाफामऊ में एक 17 साल की लड़की सोमवार शाम कछार में लहूलुहान हाल में मिली। घरवालों ने पुलिस को सूचना दी कि उसे गोली मारी गई। मेडिकल जांच में पता चला कि उसकी जांघ में चाकू जैसी धारदार चीज से हमला किया गया। हमलावर कौन थे और उन्होंने हमला क्यों किया, लड़की इस बारे में भी कुछ बता नहीं पाई है। मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गोली मारने की सूचना से मचा हड़कंप
पुलिस के मुताबिक, सोमवार शाम 7 बजे के करीब फाफामऊ के विनीता हॉस्पिटल से सूचना मिली कि एक लड़की जख्मी हाल में लाई गई है। घरवालों को उसने बताया है कि वह शौच के लिए गई थी। तभी तीन लड़कों ने उसे गोली मार दी। सूचना मिलते ही फाफामऊ थाना पुलिस के साथ डीसीपी, एडीसीपी गंगानगर भी पहुंच गए। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
निजी अस्पताल से एसआरएन अस्पताल भेजी गई
प्राथमिक उपचार के बाद उसे स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल भेजा गया। एसआरएन में डॉक्टरों ने उसका मेडिकल परीक्षण कराया और एक्स-रे किया। अस्पताल में हुई जांच के दौरान यह सामने आया कि उसे गोली नहीं लगी है। डॉक्टरों ने उसकी जांघ में चोट के निशान पाए। यह भी बताया कि प्रथमदृष्टया किसी धारदार हथियार से चोट पहुंचाए जाने की बात प्रतीत हो रही है। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच का दायरा बढ़ा दिया।
हमलावरों को नहीं पहचानती
लड़की ने पुलिस को बताया कि वह शाम को शौच के लिए गई थी। इसी दौरान दो-तीन युवकों ने उस पर हमला कर दिया। उसने बताया कि वह हमलावरों को नहीं पहचानती और पहले कभी उन्हें नहीं देखा था। किशोरी का यह भी कहना है कि उस पर हमला क्यों किया गया, इसके बारे में भी उसे कोई जानकारी नहीं है। पुलिस उसके बयान के आधार पर घटना की परिस्थितियों और संभावित कारणों की जांच कर रही है।
मोबाइल रिकॉर्ड और बयान में दिखा अंतर
पुलिस सूत्रों का कहना है कि किशोरी के बयानों में कुछ विरोधाभास सामने आए हैं। किशोरी घटना का समय शाम करीब पांच बजे बता रही है, जबकि जांच में पता चला है कि शाम 6:30 बजे तक उसके मोबाइल फोन से किसी व्यक्ति से लगातार बातचीत हो रही थी। डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि पुलिस सभी तथ्यों का मिलान कर रही है।
मां की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा
किशोरी की मां की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों का फुटेज खंगाल रही है। साथ ही मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
पहले ब्यूटी पार्लर की दुकान में कर चुकी है काम
पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि किशोरी फाफामऊ थाना क्षेत्र की रहने वाली है। वह करीब 12-13 दिन पहले तक एक ब्यूटी पार्लर में काम करती थी। इससे पहले वह एक कपड़ों की दुकान पर भी काम कर चुकी है। पुलिस उसके परिचितों और हाल के संपर्कों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
Source link
17 साल की लड़की कछार में लहुलुहान मिली:घरवालों से बोली- 3 लड़कों ने गोली मारी, मेडिकल में चाकू से हमले की बात सामने आई