भाजपा कार्यकर्ताओं को पार्टी के इतिहास की जानकारी जरूरी:अटल बिहारी वाजपेयी जैसे नेताओं के योगदान से संगठन का विस्तार हुआ


फर्रुखाबाद में भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं क्षेत्रीय प्रभारी शंकरलाल लोधी और नवनियुक्त जिला संगठन प्रभारी नरेंद्र सिंह राजपूत सोमवार को एक दिवसीय प्रवास पर फर्रुखाबाद पहुंचे। दोनों नेताओं ने जिला मुख्यालय में जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा की अध्यक्षता में संगठनात्मक बैठक में हिस्सा लिया। बैठकों का दौर देर शाम 7 बजे तक चला। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री शंकरलाल लोधी ने कहा कि भाजपा विचारधारा और कार्यकर्ता आधारित संगठन है। नए दायित्व पाने वाले कार्यकर्ताओं को पार्टी के इतिहास और विकास की जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी तक संगठन का विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि पार्टी का संगठन परिवर्तनशील है और समय-समय पर नए कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां दी जाती हैं। इन दायित्वों का उद्देश्य संगठन को मजबूत बनाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बूथ से लेकर विधानसभा और लोकसभा स्तर तक इन कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा।
शंकरलाल लोधी ने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव कार्यकर्ताओं के लिए एक बड़ी चुनौती है। कार्यकर्ताओं को अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए संगठन के प्रत्येक अभियान और कार्यक्रम को सफल बनाना है। उन्होंने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का भी आह्वान किया। नवनियुक्त जिला संगठन प्रभारी नरेंद्र सिंह राजपूत ने कहा कि भाजपा सरकारों ने अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि और काशी विश्वनाथ धाम सहित देश की सांस्कृतिक एवं धार्मिक धरोहरों के संरक्षण और विकास के लिए काम किया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में काम किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने को कहा। जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने संगठनात्मक जानकारी देते हुए बताया कि पूरे जनपद में 1,612 बूथ और 257 शक्ति केंद्र गठित किए गए हैं। सभी बूथों और शक्ति केंद्रों के सत्यापन का कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, अनुसूचित मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा, किसान मोर्चा और पिछड़ा मोर्चा का गठन प्रदेश नेतृत्व की स्वीकृति के बाद जल्द पूरा किया जाएगा। इन मोर्चों में नए कार्यकर्ताओं को भी जिम्मेदारियां दी जाएंगी। जिलाध्यक्ष ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व ने प्रमोद अग्रहरि को अमृतपुर एवं कायमगंज विधानसभा तथा प्रशांत राय चौबे को सदर एवं भोजपुर विधानसभा का प्रवासी बनाया है। संगठनात्मक बैठक का संचालन जिला महामंत्री गोपाल राठौर ने किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय मंत्री धीरेंद्र वर्मा, जिला महामंत्री अमरदीप दीक्षित, जिला महामंत्री मंशू गुप्ता, क्षेत्रीय कार्यसमिति सदस्य कुलदीप दुबे, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ प्रदेश सह-संयोजक वीरेंद्र सिंह राठौर, जिला उपाध्यक्ष अभिषेक बाथम, वीरेंद्र कठेरिया, रश्मि दुबे, संदेश राजपूत, जिला मंत्री प्रतिभा राजपूत, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *