हाईटेंशन लाइन से मौत मामले में बड़ी कार्रवाई:दो बिजली कर्मचारी निलंबित, एक का तबादला, जेई-एसडीओ को चार्जशीट


गोंडा जिले में हाईटेंशन लाइन के तार टूटने से 35 वर्षीय रंजीत तिवारी की मौत के मामले में विद्युत विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। आज रविवार को दो बिजली कर्मियों को निलंबित किया गया, जबकि एक कर्मचारी का तबादला कर दिया गया। संबंधित जेई और एसडीओ को चार्जशीट जारी कर जवाब मांगा गया है। देवीपाटन जोन के मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ ने बताया कि खराब अनुरक्षण कार्यों के कारण हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरा, जिससे यह हादसा हुआ। इस लापरवाही के लिए विभागीय लाइनमैन दिनेश यादव और टेक्नीशियन अभिषेक रंजन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। संविदाकर्मी अशोक विश्वकर्मा का स्थानांतरण किया गया है। संबंधित क्षेत्र के जेई कुलदीप यादव और एसडीओ भरत सिंह को चार्जशीट जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। अधिकारियों के अनुसार, यदि समय रहते पेड़ों की कटाई-छंटाई और लाइन का उचित अनुरक्षण किया गया होता, तो इस हादसे को टाला जा सकता था। इससे पहले, शनिवार को विद्युत सुरक्षा निदेशालय की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी। जांच में अनुरक्षण कार्यों में खामियां पाई गईं, जिससे तार टूटने की पुष्टि हुई है। मुख्य अभियंता ने यह भी बताया कि लाइन को दुरुस्त करने के लिए छह नए विद्युत पोल स्वीकृत किए गए हैं और लगभग एक किलोमीटर नई लाइन बिछाने के लिए कार्यदायी संस्था नामित कर दी गई है। दरअसल मौत को लेकर के लगातार दैनिक भास्कर द्वारा प्रमुखता से खबर चलाई जा रही है शासन द्वारा भी दैनिक भास्कर की खबर का संज्ञान लेते हैं बिजली विभाग के अधिकारियों को कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *