![]()
मुजफ्फरनगर में रविवार शाम करीब 6 बजे एक स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच दोस्त घायल हो गए। सभी हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले बताए गए हैं और शामली व पानीपत होते हुए घूमने के लिए निकले थे। हादसे की सूचना मिलते ही थाना छपार पुलिस मौके पर पहुंची और डायल-112 व एंबुलेंस की मदद से घायलों को रेस्क्यू कर जिला अस्पताल पहुंचाया। इनमें से तीन घायलों की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए रात करीब 9:30 बजे हायर सेंटर रेफर कर दिया। सीओ सदर सुनील कुमार के अनुसार, रविवार शाम थाना छपार पुलिस को सूचना मिली थी कि रामपुर तिराहे के पास हाईवे से नीचे उतरते समय हरियाणा नंबर की स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। कार के खाई में गिरने के कारण उसमें सवार लोग घायल होकर फंस गए थे। पुलिसकर्मियों ने डायल-112 और एंबुलेंस की सहायता से रेस्क्यू अभियान चलाया और घायलों को कार से बाहर निकालकर उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
पुलिस के मुताबिक, हादसे में घायल लोगों की पहचान रोहताश, देवेंद्र, मोंटी, नीर और रोहित के रूप में हुई है। सभी नागल खुर्द, जनपद सोनीपत, हरियाणा के निवासी बताए गए हैं। बताया गया कि पांचों दोस्त स्कॉर्पियो कार से घूमने के लिए निकले थे। रामपुर तिराहे के पास कार अनियंत्रित होने के बाद हाईवे किनारे खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया, जिसके चलते घायलों को समय रहते अस्पताल पहुंचाया जा सका। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद तीन घायलों की स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
Source link
मुजफ्फरनगर में अनियंत्रित स्कॉर्पियो खाई में गिरी:हरियाणा के 5 दोस्त घायल, सोनीपत से घूमने निकले थे, 3 हायर सेंटर रेफर