![]()
हरदोई के सवायजपुर कोतवाली क्षेत्र में ट्रक निकालने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लगभग 10 लोगों ने युवक को लात-घूसों और लाठियों से पीटा। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस सम्बन्ध में पीड़ित ने बृहस्पतिवार को करीब 5:30 बजे शिकायती पत्र दिया है यह घटना बृहस्पतिवार दोपहर की है। सवायजपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पकरी निवासी प्रभात दीक्षित अपना खाली ट्रक निकाल रहे थे। इसी दौरान उनका ट्रक अनियंत्रित होकर पास के एक विद्यालय परिसर में फंस गया। प्रभात जब ट्रक को बाहर निकालने का प्रयास कर रहे थे, तभी ग्राम बरसोहिया के लगभग 10 लोग लाठी-डंडे लेकर वहां आ गए। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि आरोपियों ने आते ही प्रभात पर हमला कर दिया और उन्हें लात-घूसों व लाठियों से पीटा। पीड़ित प्रभात दीक्षित ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने उनके साथ मारपीट करने के अलावा उनके ट्रक का साइड का शीशा भी पथराव कर तोड़ दिया। जाते समय आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। इस पूरी घटना का वीडियो किसी राहगीर ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। थानाध्यक्ष प्रिंस कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर और वायरल वीडियो के आधार पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
Source link
हरदोई में युवक की पिटाई का VIDEO:10 लोगों ने लाठियों से पीटा, ट्रक निकालने पर विवाद, पुलिस पहचानने में जुटी