हरदोई में मकान का छज्जा गिरने से मासूम की मौत:घर के बाहर खेल रहा था, दूसरी मंजिल की बालकनी गिरी


हरदोई के माधौगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सहिजना में बुधवार सुबह एक मकान का छज्जा गिरने से 7 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। बालक अपने घर के बाहर खेल रहा था, तभी दूसरी मंजिल का छज्जा उस पर गिर गया। गंभीर रूप से घायल बालक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, सहिजना निवासी मोहनलाल का 7 वर्षीय बेटा आकाश गांव के प्राथमिक विद्यालय में पढ़ता था। बुधवार सुबह करीब 11 बजे आकाश अपने मकान के बाहर गलियारे में खेल रहा था। इसी दौरान मकान की दूसरी मंजिल का पक्का छज्जा अचानक भरभरा कर उस पर गिर गया। छज्जा गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने मलबे को हटाकर आकाश को बाहर निकाला। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) माधौगंज ले गए, लेकिन डॉक्टर ने अस्पताल पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। सूचना मिलने पर माधौगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *