![]()
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ की तैयारियों और कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। इसका उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाना और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को सुबह 7 बजे से होगी। जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सरकारी योजनाओं से लाभान्वित परिवारों के घरों में दीप प्रज्ज्वलन कराया जाएगा। साथ ही सभी विभागों के लाभार्थियों की विकासखंडवार, ग्राम पंचायतवार और नगर क्षेत्र में वार्डवार सूची तैयार की जाएगी, ताकि योजनाओं का लाभ पाने वाले लोगों तक सीधे पहुंच बनाई जा सके। गांव-गांव और शहर-शहर होंगे कार्यक्रम अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों, इंफ्लुएंसर्स और आम नागरिकों के साथ संवाद कार्यक्रम होंगे। प्रमुख परियोजनाओं, नदियों, घाटों, मंदिरों, पार्कों, विद्यालयों, महाविद्यालयों और चिकित्सालयों में भी दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सोशल मीडिया के जरिए भी अभियान को व्यापक स्तर पर प्रचारित किया जाएगा। 400 से 500 सांस्कृतिक टोलियां करेंगी जागरूक अभियान में 400 से 500 सांस्कृतिक टोलियों का गठन किया जाएगा। ये टोलियां ग्राम पंचायत स्तर से लेकर प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर नुक्कड़ नाटक और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं और विकसित भारत के संकल्प की जानकारी देंगी। ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत 25 से 30 मिनट की रिकॉर्डिंग पर आधारित नुक्कड़ नाटक भी कराए जाएंगे। बच्चों और युवाओं के लिए भी प्रतियोगिताएं ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ थीम के तहत कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए भाषण प्रतियोगिता आयोजित होगी। कक्षा 5 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए ड्राइंग प्रतियोगिता होगी। उच्च शिक्षण संस्थानों में युवाओं के साथ संवाद और ‘विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश’ थीम पर वाद-विवाद प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। लाभार्थी बनाएंगे 60 सेकेंड की ‘कहानी अभियान में सरकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव को सामने लाने के लिए 60 सेकेंड की रील तैयार की जाएगी। लाभार्थियों से छोटे वीडियो रिकॉर्ड कराए जाएंगे, जिनमें उनका नाम, स्थान, जिला और योजना की जानकारी होगी। इन वीडियो को सोशल मीडिया और आधिकारिक पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। 150 डिजिटल इंफ्लुएंसर्स करेंगे विकास कार्यों का प्रचार ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के तहत करीब 150 प्रमुख डिजिटल इंफ्लुएंसर्स, पॉडकास्टर्स और ब्लॉगर्स को प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों और परिवर्तनकारी योजनाओं का भ्रमण कराया जाएगा। वे विकास स्थलों के पहले और बाद के वास्तविक संदर्भ पर आधारित वीडियो और पॉडकास्ट तैयार करेंगे। 7 अक्टूबर को सेवा ज्योति यात्रा अभियान के तहत 7 अक्टूबर को प्रत्येक जिले के एक प्रमुख चौराहे पर स्थायी अथवा अखंड सेवा ज्योति स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पैदल, साइकिल और बाइक रैलियां प्रमुख चौराहे तक पहुंचेंगी। बड़े एलईडी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा। सेवा मेरा योगदान’ में 25 गतिविधियां ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत 25 निर्धारित सेवा गतिविधियों में व्यापक जनभागीदारी कराई जाएगी। इनमें स्वच्छता अभियान, नदी-घाट सफाई, सघन वृक्षारोपण, रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर, वंचित बच्चों को शिक्षा सहयोग, करियर काउंसलिंग, अंगदान संकल्प, नशामुक्त भारत और मतदाता जागरूकता जैसे कार्यक्रम शामिल हैं। नागरिकों से कम से कम 25 मिनट श्रमदान कर उसका फोटो या वीडियो ‘माई भारत पोर्टल’ पर अपलोड करने की अपील की जाएगी। हर विकासखंड में सात दिवसीय सेवा शिविर ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत प्रत्येक विकासखंड स्तर पर सात दिवसीय बहुउद्देशीय सेवा शिविर लगाए जाएंगे। इनमें स्वास्थ्य मेले के साथ केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएगी। मौके पर आवेदन भरने, पात्रता सत्यापन और पात्र लोगों को योजना की स्वीकृति देने का लक्ष्य रखा गया है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को केवल एक आयोजन तक सीमित न रखते हुए ग्राम स्तर से जिला स्तर तक प्रभावी तरीके से चलाया जाए। इसका उद्देश्य सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है। अभियान के सफल संचालन के लिए मुख्य विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
Source link
एक महीने तक चलेगा ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ अभियान:पहुंचाई जाएंगी सरकारी योजनाओं की जानकारी, गांव-गांव और शहर-शहर होंगे जागरूकता कार्यक्रम