हरदोई में बिजली मिस्त्री ने की आत्महत्या:पत्नी की साड़ी से फंदे पर लटका मिला शव, पत्नी ने ससुर से विवाद होने की आशंका जताई


हरदोई शहर कोतवाली क्षेत्र के रद्दे पुरवा (आजाद नगर) में शुक्रवार सुबह 8:30 बजे एक घटना सामने आई। यहां 35 वर्षीय एक बिजली मिस्त्री ने अपने घर में पत्नी की साड़ी से फंदा लगाकर जान दे दी। घटना के समय मृतक की पत्नी अपने मायके गई हुई थी। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। मृतक की पत्नी ने डायलिसिस पर चल रहे ससुर से पति का विवाद होने की आशंका जताई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय मनोज के रूप में हुई है, जो पेशे से बिजली मिस्त्री थे। उनके परिवार में पत्नी संगीता, तीन बेटे आर्यन (12), अंश (9), प्रियांशु (7) और एक 3 वर्षीय बेटी अंजली हैं। मृतक के छोटे भाई धीरेंद्र ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे मनोज उठे थे और कुछ देर बाद अपने कमरे में चले गए। इसके बाद जब धीरेंद्र की पत्नी नंदिनी उन्हें चाय देने कमरे में गईं, तो उन्होंने मनोज का शव पंखे के कुंडे से संगीता की साड़ी के फंदे पर लटका हुआ देखा। तहरीर के आधार पर होगी कार्रवाई मृतक की पत्नी संगीता 12 सितंबर को बच्चों के साथ अपने मायके गई थीं। उनका मायका लखीमपुर जनपद के मोहम्मदी थाना क्षेत्र स्थित मूड़ामाफी गांव में है। घटना की सूचना मिलते ही संगीता बच्चों के साथ ससुराल आ गईं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में दुख छा गया। हालांकि, मृतक के परिजन और ससुराल पक्ष का कोई भी सदस्य इस आत्महत्या के पीछे की स्पष्ट वजह नहीं बता पा रहा है। किसी ने भी एक-दूसरे पर कोई आरोप नहीं लगाया है। चर्चा रही कि मनोज के पिता मदन मोहन इस समय डायलिसिस पर हैं। हाल ही में घरेलू बातों को लेकर मनोज की उनसे कुछ कहासुनी भी हुई थी। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *